
एंटरटेनमेंट डेस्क: टेलीविजन एक्टर रोहित चंदेल कानूनी विवाद में फंस गए हैं। मुंबई पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई POCSO कानून और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत की है।
क्या है आरोप?
पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की ने शिकायत में आरोप लगाया है कि रोहित चंदेल काफी समय से उसे लगातार फोन कर परेशान कर रहे थे। बताया गया है कि आरोपी अपने मोबाइल नंबर के अलावा अन्य नंबरों का इस्तेमाल करके भी लड़की से संपर्क करने की कोशिश करता था।
शिकायत के मुताबिक, 5 जुलाई को रोहित ने लड़की को उसकी रिहायशी इमारत के पास रोक लिया। इस दौरान उन्होंने उसका पीछा किया, उससे छेड़छाड़ की, कथित तौर पर अपशब्द कहे और मारपीट भी की। इसके बाद पीड़िता के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता के परिवार की शिकायत मिलने के बाद पंत नगर पुलिस स्टेशन में रोहित चंदेल के खिलाफ POCSO एक्ट के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और धारा 115(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने शुक्रवार को दहिसर स्थित उनके घर से उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे।
जांच जारी
मुंबई पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं।
रोहित चंदेल का टीवी करियर
29 वर्षीय रोहित चंदेल टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया है। वह ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव के किरदार और ‘पंड्या स्टोर’ में धवल मकवाना की भूमिका से पहचान बना चुके हैं। इन दिनों वह टीवी शो ‘सैरब’ में नजर आ रहे हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...