फिल्मों के नाम और कथानक को लेकर इन दिनों विवाद बढ़ते जा रहे हैं। पहले नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर विरोध हुआ था, और अब यादव जी की लव स्टोरी विवादों में घिर गई है।
मामला उत्तर प्रदेश के संभल जिले से सामने आया है, जहां यादव समुदाय के लोगों ने फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन किया। बुधवार को सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के पोस्टर जलाए और रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि फिल्म का नाम और कहानी उनके समाज को गलत तरीके से पेश करती है। उनका कहना है कि इससे यादव समाज की छवि प्रभावित होती है और इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
फिल्म को लेकर उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में भी विरोध दर्ज किया गया है। कुछ जगहों पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर रिलीज रोकने की मांग की गई है, वहीं सिनेमा हॉल संचालकों को चेतावनी दी गई है कि स्क्रीनिंग होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस फिल्म का निर्देशन अंकित भड़ाना ने किया है। यह एक रोमांटिक थ्रिलर है, जिसमें प्रगति तिवारी और विशाल मोहन मुख्य भूमिकाओं में हैं। प्रगति फिल्म में ‘सिंपल यादव’ का किरदार निभा रही हैं, जबकि कहानी में उनके और वसीम अख्तर नामक युवक के बीच प्रेम संबंध दिखाया गया है।
फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। फिलहाल इसे लेकर विरोध जारी है और आगे की स्थिति प्रशासनिक निर्णयों पर निर्भर करेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...