Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

महानगरों से सटे गांवों के विकास को प्राथमिकता देगा चीन

August 28, 2023

महानगरों से सटे गांवों के विकास को प्राथमिकता देगा चीन

 

चीन एक बड़ी आबादी वाला देश है, पिछले दशकों में विकास की तेज़ रफ्तार चीन ने देखी है। विकास के बीच चीन के गांवों से खूब पलायन हुआ। लोग बेहतर भविष्य की तलाश में गांवों से शहरों में पहुंचे। शहरीकरण की वजह से बड़े शहरों और महानगरों पर बोझ बढ़ गया। लेकिन हाल के वर्षों में चीन सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से लैस करने पर ध्यान केंद्रित किया। इतना ही नहीं गांवों को पर्यटन और रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ा गया है।

जिसके कारण फिर से लोग शहरों से गांवों की ओर लौटने लगे हैं। इस दौरान चीनी कम्युनिस्ट पार्टी और केंद्र सरकार ने गांवों के व्यापक विकास पर काफी ज़ोर दिया है। आज चीन के दूर-दराज के इलाके पूरी तरह सड़कों से जुड़ चुके हैं, जबकि ट्रेन स्टेशन से गांवों ज्यादा दूर नहीं हैं। इंटरनेट की सुविधा भी गांवों में अच्छी तरह उपलब्ध है, इसके कारण वे लोग विभिन्न उत्पादों को ऑनलाइन बेचने लगे हैं।

जैसा कि हम जानते हैं कि चीन एक बड़ा राष्ट्र है, जिसका भौगोलिक दायरा बहुत व्यापक है। एक तरफ सुदूर क्षेत्रों के गांव हैं, वहीं दूसरी ओर महानगरों और शहरों के नजदीक बसे गांव। अब चीन की केंद्र सरकार ने महानगरों से सटे गांवों की उन्नति के लिए योजना बनायी है। बताया गया है कि ऐसे गांवों को शहरों की तरह विकास के मौके प्रदान किए जाएंगे। हाल में इस बारे में चीनी राज्य परिषद की कार्यकारी बैठक आयोजित हुई।

इसमें इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि गांवों में निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। गांवों के बेहतर और व्यवस्थित विकास के लिए संबंधित विभाग मिलकर कार्य करेंगे। ताकि बड़े शहरों के आसपास बसे हुए गांवों में भी रोजगार के अच्छे अवसर लोगों को मिल सके। जिससे शहरों के ऊपर से बोझ कम हो सकेगा। इसके तहत ऐसे क्षेत्रों में मौजूद उद्यमों और कंपनियों को मदद प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपना विस्तार कर सकें।

ध्यान रहे कि साल 2021 की राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो की 7वीं राष्ट्रीय जनगणना के अनुसार चीन में पेइचिंग, शांगहाई, थ्येनचिन, छोंगछिंग, वूहान, क्वांगचो और शनचन सहित 21 महानगर हैं। जिनके आसपास कई ऐसे गांव हैं, जिन्हें आधुनिक बनाया जा सकता है। इसके लिए गांवों में पुननिर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही सरकार की ओर सब्सिडी प्राप्त आवासीय इलाकों को नए तरीके से विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा। ताकि वहां रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिल सके। उम्मीद है कि चीन के ये गांव भी शहरों की तरह विकास की दौड़ में आगे आ पाएंगे।

(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें