Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘इमरान खान को बेहतर इलाज मिले’, गावस्कर-कपिल देव समेत 14 पूर्व कप्तानों का PAK सरकार को पत्र

February 17, 2026

‘इमरान खान को बेहतर इलाज मिले’, गावस्कर-कपिल देव समेत 14 पूर्व कप्तानों का PAK सरकार को पत्र

नई दिल्ली: दुनिया के 14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को एक संयुक्त पत्र लिखकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के स्वास्थ्य और जेल में उनके साथ हो रहे व्यवहार पर चिंता जताई है। इन पूर्व कप्तानों ने सरकार से अपील की है कि इमरान खान को जेल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मानजनक व्यवहार दिया जाए।

यह भी पढ़ें: नई दिल्ली-चेन्नई एक्सप्रेस के एक डिब्बे में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

किन-किन दिग्गजों ने किया हस्ताक्षर?

इस पत्र पर भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत कई बड़े नामों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनके अलावा माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गॉवर, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीफन व जॉन राइट जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं।

क्यों उठी चिंता?

हाल ही में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि जेल में बंद इमरान खान की आंखों की रोशनी कमजोर हो रही है और उनकी सेहत ठीक नहीं है। इन खबरों के बाद 17 फरवरी को इन सभी पूर्व कप्तानों ने एक संयुक्त बयान जारी किया।

पत्र में क्या कहा गया?

पत्र में लिखा गया है कि वे सभी अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीमों के पूर्व कप्तान होने के नाते इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और जेल की परिस्थितियों को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं। उन्होंने लिखा कि इमरान खान ने 1992 में पाकिस्तान को विश्व कप जिताया था और उनकी कप्तानी में टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उनके नेतृत्व, साहस और खेल भावना ने पूरी दुनिया को प्रेरित किया।

पत्र में यह भी कहा गया कि इमरान खान दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडर और कप्तानों में से एक रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशंसकों और क्रिकेट प्रशासन सभी का सम्मान पाया है। क्रिकेट के बाद उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में भी देश का नेतृत्व किया। उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से देश के सर्वोच्च पद के लिए चुना गया था। पूर्व कप्तानों ने कहा कि हालिया स्वास्थ्य रिपोर्ट्स, खासकर आंखों की रोशनी कमजोर होने की खबरें, बेहद चिंताजनक हैं।

यह भी पढ़ें: सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; चिंतित दिखे सलमान खान

क्या है मांग?

सभी दिग्गज खिलाड़ियों ने पाकिस्तान सरकार से विनम्र अनुरोध किया है कि इमरान खान को जेल में उचित चिकित्सा सुविधाएं दी जाएं। उनके साथ सम्मानजनक और निष्पक्ष व्यवहार किया जाए। एक पूर्व राष्ट्रीय नेता और विश्व स्तरीय खेल आइकन के रूप में उन्हें जरूरी सम्मान मिले। इस पत्र को क्रिकेट जगत की ओर से एकजुटता और मानवता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें