कराची: पाकिस्तान में भूकंप के बाद एहतियात के तौर पर वहां की एक जेल से कैदियों को निकाले जाने के दौरान मची अफरा-तफरी के बाद कम से कम 216 कैदी जेल से भाग गए। कराची की मलीर जेल में सोमवार रात हुई घटना में एक कैदी की मौत हो गई और अर्धसैनिक फंट्रियर कोर के 3 जवान तथा एक जेल कर्मचारी घायल हो गया। जेल अधिकारियों के अनुसार, 80 से अधिक कैदियों को फिर से पकड़ लिया गया। कराची में पिछले 24 घंटे में कई बार भूकंप के झटके आए। जेल अधीक्षक अरशद शाह ने कहा कि भूकंप के दौरान 600 से अधिक कैदियों को उनके बैरक से बाहर निकाला गया था।
कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने फरार कैदियों का पता लगाने के लिए एक संयुक्त अभियान शुरू किया है। सिंध के गृह मंत्री जिया-उल-हसन लंजर ने इसे हाल के सालों में ‘जेल तोड़कर कैदियों के भागने की सबसे गंभीर’ घटना करार दिया है। मंत्री ने कहा कि सभी फरार कैदियों की पहचान कर ली गई है तथा उनके आवास और आस-पास के इलाकों में लक्षित छापेमारी की जा रही है। घटना की जांच के लिए एक जांच समिति गठित की जाएगी। घटना के समय मलीर जेल में 6,000 से अधिक कैदी थे, जिनमें से अधिकतर नशीली दवाओं से संबंधित मामलों में शामिल थे। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) के भूकंपीय निगरानी केंद्र के अनुसार, कराची में रविवार से 16 बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।
ये भी पढ़ें : नहीं रहे ये मशहूर एक्टर, मनोरंजन जगत में दौड़ी शोक की लहर

