नई दिल्ली: नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ जेन-जी युवाओं के बड़े पैमाने पर हो रहे विरोध-प्रदर्शन की आड़ में जेल से फरार कैदियों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। सशत्र सीमा बल (एसएसबी) ने अब तक 72 कैदियों को भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो कैदियों को हाल ही में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी का सटीक स्थान अभी सामने नहीं आया है। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, ये सभी कैदी नेपाल में हालात बिगड़ने के दौरान जेल से भाग निकले थे और भारत-नेपाल सीमा पार करने की फिराक में थे।
सुरक्षा बलों ने सीमा पर तैनात चौकियों से उन्हें पकड़ लिया। अधिकारियों का कहना है कि नेपाल की जेलों से भागे कैदियों की संख्या अब तक करीब 13 हजार से अधिक हो चुकी है, जो भारत की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर सकती है। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने गश्त और निगरानी को और कड़ा कर दिया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और स्थानीय खुफिया तंत्र को भी अलर्ट कर दिया गया है।