Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारी बर्फबारी के चलते म्यूनिख हवाईअड्डे पर 760 उड़ानें रद्द

December 3, 2023

भारी बर्फबारी के चलते म्यूनिख हवाईअड्डे पर 760 उड़ानें रद्द

बर्लिन: भारी बर्फबारी के चलते जर्मनी के म्यूनिख (Munich) हवाईअड्डे पर करीब 760 उड़ानें रद्द कर दी गईं। एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में, हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने कहा: ‘जारी भारी बर्फबारी के कारण 3 दिसंबर सुबह 6 बजे तक संभवत: कोई हवाई यातायात नहीं होगा। कृपया हवाईअड्डे की यात्रा न करें और हवाईअड्डे की ओर निकलने से पहले एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें।’

सीएनएन ने शहर की सार्वजनिक परिवहन कंपनी के हवाले से बताया कि भारी बर्फबारी से न केवल हवाईअड्डा प्रभावित हुआ, बल्कि म्यूनिख में बसें, ट्राम और कुछ ट्रेन सेवाएं भी निलंबित कर दी गईं। जर्मनी की राष्ट्रीय रेलवे कंपनी डॉयचे बान के अनुसार, म्यूनिख का केंद्रीय रेलवे स्टेशन आगमन के लिए बंद कर दिया गया, जबकि लंबी दूरी की सेवाएं पूरी तरह से निलंबित कर दी गई हैं। डॉयचे बान ने चेतावनी दी कि सोमवार तक रेल यातायात गंभीर रूप से प्रभावित होगा।

म्यूनिख पुलिस के एक प्रवक्ता ने सीएनएन को बताया कि पुलिस ने शनिवार को शहर के लोगों से कहा कि वे अपनी कारों का उपयोग तब तक न करें जब तक कि बहुत जरूरी न हो, जबकि दक्षिणी बवेरिया के कुछ हिस्सों के निवासियों को अपने घरों से बाहर न निकलने के लिए कहा गया है। बवेरियन सार्वजनिक प्रसारक बेयरिशर रंडफंक ने शनिवार को बताया कि शहर में 44 सेमी बर्फबारी बवेरियन राज्य की राजधानी में 1933 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से दिसंबर में अब तक की सबसे अधिक बर्फबारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें