Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका की वैक्सीन नीति में बड़ा बदलाव: CDC की सलाहकार समिति में 8 नए सदस्यों की हुई नियुक्ति

June 12, 2025

अमेरिका की वैक्सीन नीति में बड़ा बदलाव: CDC की सलाहकार समिति में 8 नए सदस्यों की हुई नियुक्ति

वाशिंगटन: अमेरिका में वैक्सीन नीति को लेकर एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। देश के स्वास्थ्य सचिव रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर ने रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की टीकाकरण सलाहकार समिति (ACIP) में व्यापक बदलाव करते हुए आठ नए विशेषज्ञों की नियुक्ति की है। इस निर्णय को अमेरिका की वैक्सीन रणनीति में संभावित बदलाव की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।

यह नियुक्तियाँ ऐसे समय में की गई हैं जब टीकाकरण की पारदर्शिता और प्रभावशीलता को लेकर बहस तेज हो रही है। कैनेडी जूनियर ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच “एक्स” पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि समिति के सभी 17 पुराने सदस्यों को हटाने के दो दिन बाद यह नई नियुक्तियाँ की गईं हैं।

नए नियुक्त सदस्यों की सूची में कई जाने-माने वैज्ञानिक और चिकित्सक शामिल हैं, जिनमें डॉ. जोसेफ आर. हिबेलन, डॉ. मार्टिन कुल्डॉर्फ, डॉ. रेटसेफ लेवी, डॉ. रॉबर्ट डब्ल्यू. मेलोन, डॉ. कोडी मैस्नर, डॉ. जेम्स पगानो, डॉ. विकी पेब्सवर्थ और डॉ. माइकल ए. रॉस शामिल हैं। इनमें से कुछ विशेषज्ञ, विशेष रूप से डॉ. कुल्डॉर्फ और डॉ. मेलोन, पूर्व बाइडेन प्रशासन की कोविड-19 वैक्सीन नीति के मुखर आलोचक रहे हैं।

स्वास्थ्य सचिव कैनेडी ने कहा कि यह नई समिति “वैज्ञानिक निष्पक्षता, पारदर्शिता और स्वतंत्र सोच” को प्राथमिकता देगी। उनका दावा है कि इससे वैक्सीन संबंधी फैसले अधिक भरोसेमंद और व्यापक जनस्वास्थ्य हित में लिए जा सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय से अमेरिका की वैक्सीन नीति में एक नई दिशा तय हो सकती है। आलोचकों का कहना है कि इस कदम से वैक्सीन संबंधी चर्चाएं राजनीतिक रंग ले सकती हैं, जबकि समर्थकों का मानना है कि इससे वैज्ञानिक बहस को नया जीवन मिलेगा।

ये भी पढ़ें- हेल्थ टिप्स: शशांकासन से कम करें चिंता और गुस्सा

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें