
इंटरनेशनल डेस्क: “832 प्लेटफ़ॉर्म” चीन के गरीबी-ग्रस्त क्षेत्रों के कृषि उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के लिए स्थापित एक महत्वपूर्ण मंच है। इसे चीनी वित्त मंत्रालय, कृषि एवं ग्रामीण मामलों के मंत्रालय तथा अखिल चीन आपूर्ति एवं विपणन सहकारी संघ के मार्गदर्शन में चीन आपूर्ति एवं विपणन ई-कॉमर्स कंपनी द्वारा विकसित और संचालित किया गया है।
अपनी स्थापना के बाद से यह मंच, जो देश के 832 पूर्व गरीबी-ग्रस्त जिलों के नाम पर रखा गया है, ग्रामीण उद्योगों के विकास की दिशा और ढाँचे को मौन रूप से लेकिन गहराई से बदल रहा है। “832 प्लेटफ़ॉर्म” के माध्यम से अब इन क्षेत्रों के विशिष्ट कृषि उत्पाद सीधे ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं, जो पर्वतों और समुद्रों को पार करते हुए देशभर के हजारों उपभोक्ताओं तक पहुँच रहे हैं। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 के अंत तक इस प्लेटफ़ॉर्म का कुल लेनदेन मूल्य 60 अरब युआन से अधिक हो गया था।
यह मंच उत्पादों के मानकीकरण और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देता है। गरीबी-ग्रस्त क्षेत्रों को उत्पाद वर्गीकरण, श्रेणीकरण और पैकेजिंग के मानकों में सुधार हेतु पेशेवर चयन टीमों की सहायता से समर्थन प्रदान किया जाता है। गुणवत्ता और पैकेजिंग में निरंतर सुधार के परिणामस्वरूप, इन क्षेत्रों के अधिकाधिक उत्पाद अब राष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक रूप से उभर रहे हैं। इस प्रक्रिया ने उत्पादकों को “उत्पाद निर्माण” से “सुचारू बिक्री” और आगे चलकर “मजबूत ब्रांड प्रतिष्ठा” की दिशा में प्रगतिशील रूप से अग्रसर किया है।
इसके साथ ही “832 प्लेटफ़ॉर्म” प्राथमिक कृषि उत्पादों के गहन प्रसंस्करण को प्रोत्साहन देने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। “प्लेटफ़ॉर्म + सरकार + अग्रणी उद्यम” मॉडल के माध्यम से देश के 25 जिलों और शहरों में औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित की गई हैं। इन परियोजनाओं के परिणामस्वरूप 1 लाख से अधिक किसानों की आय में वृद्धि हुई है तथा कुल बिक्री 3 अरब युआन से अधिक पहुँच गई है। इस प्रकार एक ऐसा सकारात्मक औद्योगिक चक्र बन गया है, जहाँ ब्रांड सशक्तिकरण और संपूर्ण औद्योगिक श्रृंखला का विकास साथ-साथ हो रहा है।
इस मंच के माध्यम से ग्रामीण उत्पादों की बाजार-आधारित बिक्री में निरंतर वृद्धि हो रही है, वहीं सरकारी खरीद के माध्यम से भी इन उत्पादों को स्थायी बाज़ार समर्थन प्राप्त हो रहा है। उदाहरणस्वरूप, चीनी राज्य कराधान प्रशासन ने “832 प्लेटफ़ॉर्म” पर विशेष “कर प्रणाली सहायता क्षेत्र” स्थापित किया है, जिसमें निर्दिष्ट सहायता क्षेत्रों के 6,400 से अधिक आपूर्तिकर्ताओं के लगभग 1,10,000 उत्पादों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)
मेष: दिन शुभ रहेगा...