Site icon Dainik Savera Times

America में बर्फीले तूफान ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी, रद्द हुईं 1802 फ्लाइटें, 22349 में विलंब

us winter storm devin

us winter storm devin

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका में तेज विंटर स्टॉर्म ‘डेविन’ ने छुट्टियों के पीक ट्रैवल के दौरान यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खराब मौसम के कारण शुक्रवार को हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं या फिर भारी देरी का सामना करना पड़ा। कई राज्यों में बर्फबारी की आशंका को देखते हुए सड़कों पर कमर्शियल ट्रैफिक पर भी रोक लगा दी गई है।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, शुक्रवार शाम 4:04 बजे (ईटी) तक अमेरिका में कुल 1,802 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 22,349 फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी दी है कि विंटर स्टॉर्म डेविन का असर शनिवार दोपहर तक बना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, न्यूयॉर्क के ऊपरी इलाकों से लेकर ट्राई-स्टेट एरिया तक भारी बर्फबारी की संभावना है। इसमें न्यूयॉर्क सिटी और लॉन्ग आइलैंड भी शामिल हैं। अनुमान जताया गया है कि शुक्रवार देर रात तक इन क्षेत्रों में 4 से 8 इंच तक बर्फ गिर सकती है।

ये भी पढ़ें: Japan में एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, आपस में टकराईं 50 से अधिक गाड़ियां, मची चीख-पुकार

खराब मौसम को देखते हुए न्यूयॉर्क के प्रमुख एयरपोर्ट जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल, नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल और ला गार्डिया एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यात्रियों को उड़ानों में देरी और कैंसलेशन की चेतावनी दी। फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, देश में हुई कुल फ्लाइट कैंसलेशन और देरी में आधे से ज्यादा मामले इन्हीं तीन एयरपोर्ट से जुड़े हैं।

एयरलाइंस कंपनियों ने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द की हैं। जेटब्लू एयरवेज ने सबसे ज्यादा 225 फ्लाइट्स कैंसिल कीं। इसके बाद डेल्टा एयर लाइन्स ने 212 उड़ानें रद्द कीं। रिपब्लिक एयरवेज ने 157, अमेरिकन एयरलाइंस ने 146 और यूनाइटेड एयरलाइंस ने 97 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों को राहत देते हुए बताया है कि जिन लोगों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं, उनके लिए री-बुकिंग पर चेंज फीस माफ कर दी गई है, ताकि वे बिना अतिरिक्त खर्च के अपनी फ्लाइट की तारीख बदल सकें।

विंटर स्टॉर्म के खतरे को देखते हुए न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी राज्यों में शुक्रवार दोपहर से आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर और आसपास के इलाकों में भारी बर्फबारी की आशंका है, इसलिए यह कदम उठाया गया है। इमरजेंसी घोषित करने का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों के पास तूफान से निपटने के लिए जरूरी संसाधन और उपकरण उपलब्ध रहें। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करें।

ये भी पढ़ें: Delhi Pollution: दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली, AQI फिर 400 के पार! ठंड बनी वजह

Exit mobile version