इंटरनेशनल डेस्क: गुरुवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका से उड़ान भरकर एक विमान कराची स्थित जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसके साथ ही पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच करीब 14 साल बाद हवाई संपर्क फिर से शुरू हो गया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, यह उड़ान बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की थी, जो गुरुवार शाम कराची पहुंची।
ढाका से कराची आने वाली यह पहली सीधी उड़ान है, जो इतने लंबे समय के अंतराल के बाद दोनों देशों के बीच संचालित हुई है। कराची हवाई अड्डे पर विमान के उतरते ही उसका पारंपरिक वाटर सैल्यूट देकर स्वागत किया गया। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस मौके को दोनों देशों के रिश्तों में एक नई शुरुआत बताया है।
कई वर्षों तक तनावपूर्ण संबंध रहने के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश की सरकारें पिछले साल से व्यापार, यात्रा और अन्य आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ढाका और कराची के बीच सीधी उड़ानों को फिर से शुरू करने पर बातचीत कर रही थीं। गौरतलब है कि बांग्लादेश को वर्ष 1971 में पाकिस्तान से स्वतंत्रता मिली थी, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में लंबे समय तक उतार-चढ़ाव देखने को मिले।
ढाका और कराची के बीच सीधी उड़ानें दोबारा शुरू करने की योजना की घोषणा पहली बार पिछले साल अगस्त में हुई थी। यह घोषणा पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार की ढाका यात्रा के दौरान की गई थी। यह यात्रा एक दशक से अधिक समय बाद दोनों देशों के बीच हुई पहली उच्चस्तरीय आधिकारिक मुलाकात मानी गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ही इस उड़ान को दोबारा शुरू किया गया है। इस मंजूरी के तहत बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस को इस मार्ग पर उड़ान संचालन करने और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में तय किए गए हवाई गलियारों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...