Site icon Dainik Savera Times

China को नियंत्रित करने के अमेरिकी प्रयास नहीं होंगे सफल : विदेश मंत्री Qin Gang

बीजिंगः चीन के विदेश मंत्री किन गांग ने मंगलवार को रूस के साथ करीबी संबंधों का संकेत दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चीन को नियंत्रित करने के अमेरिकी प्रयास कभी सफल नहीं हो पाएंगे। चीन की संसद के सत्र के इतर यहां अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में किन ने कहा कि चीन अपने मूल हितों की रक्षा करेगा और आधिपत्य, गुट की राजनीति और एकतरफा प्रतिबंधों का विरोध करेगा। किन ने कहा कि चीन और रूस ‘‘अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए अच्छा उदाहरण पेश कर रहे हैं’’ और उनके करीबी द्विपक्षीय संबंधों को ‘‘शीत युद्ध के नजरिये’’ से देखना गलत है।

उन्होंने रूस के साथ चीन के संबंधों को ‘‘कोई गठबंधन नहीं, कोई टकराव नहीं और किसी तीसरे पक्ष के खिलाफ लक्षित नहीं’’ के रूप में परिभाषित किया। किन ने चीन-रूस व्यापार में अमेरिकी डॉलर और यूरो का इस्तेमाल नहीं करने के संबंध में सवाल पूछे जाने पर कहा कि चीन ऐसी मुद्रा का उपयोग करेगा, जो ‘‘सुरक्षित और विश्वसनीय’’ हो। उन्होंने कहा, कि ‘मुद्रा को एकतरफा प्रतिबंधों के लिए तुरुप के इक्के के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।’’ किन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर कहा कि यूक्रेन संकट यूरोपीय सुरक्षा शासन प्रणाली में खामियों का नतीजा है।

Exit mobile version