इंटरनेशनल डेस्क: ईरान की राजधानी तेहरान में सरकार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन अब और ज्यादा उग्र हो गए हैं। हालात बिगड़ते देख ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने सुरक्षा बलों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। आरोप है कि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई।
एक स्थानीय डॉक्टर ने बताया कि तेहरान के केवल छह अस्पतालों में ही कम से कम 217 प्रदर्शनकारियों की मौत दर्ज की गई है। डॉक्टर ने सुरक्षा कारणों से अपना नाम उजागर नहीं किया। मरने वालों में ज्यादातर युवाओं की मौत गोली लगने से हुई है।
ये भी पढ़ें: Punjab Weather: पंजाब में शीतलहर का कहर… कई राज्यों में पारा शून्य से नीचे; IMD का अलर्ट जारी
डॉक्टर का कहना है कि उत्तरी तेहरान के एक पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर मशीन गन से अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। अस्पतालों में लाए गए शवों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि, वॉशिंगटन डीसी स्थित न्यूज एजेंसी ने अब तक 63 लोगों की मौत की ही पुष्टि की है। यह संस्था केवल उन्हीं पीड़ितों को अपनी सूची में शामिल करती है, जिनकी पहचान पूरी तरह हो चुकी है। अलग-अलग स्रोतों से आ रही मौतों की संख्या में अंतर बना हुआ है।
इंटरनेट बंद
ईरान में गुरुवार रात से देशभर में इंटरनेट और फोन सेवाएं लगभग पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि सरकार वास्तविक हालात और मौतों की संख्या को छिपाने की कोशिश कर रही है।
ट्रंप की चेतावनी से बढ़ा तनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को नुकसान पहुंचाया गया, तो अमेरिका चुप नहीं बैठेगा। ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान सरकार प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाती है, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ट्रंप ने एक बयान में कहा कि अगर ईरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाता है और उन्हें मारता है, तो अमेरिका उन्हें बचाने के लिए तैयार है। इस बयान के बाद हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।
ईरान में क्यों भड़के लोग?
ईरान में यह विरोध प्रदर्शन बढ़ती महंगाई, गिरती मुद्रा, बेरोजगारी और खराब आर्थिक हालात के कारण शुरू हुए हैं। आम लोग सरकार की नीतियों से नाराज हैं। धीरे-धीरे ये प्रदर्शन ईरान के सभी 31 प्रांतों में फैल गए हैं।
ईरान सरकार की सख्त चेतावनी
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने ट्रंप के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ईरान किसी विदेशी दबाव के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अमेरिका को खुश करने के लिए अशांति फैला रहे हैं।
सरकार ने यह भी संकेत दिए हैं कि प्रदर्शनकारियों को कड़ी सजा, यहां तक कि मौत की सजा भी दी जा सकती है। सरकारी टीवी चैनल पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने माता-पिता को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को प्रदर्शनों से दूर रखें। अगर गोली लग जाए, तो बाद में शिकायत मत करना। फिलहाल ईरान में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और दुनिया की नजरें इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़ें: बस और कार की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत, 1 घायल

