Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, पहला रॉकेट 14 सेकेंड में हुआ क्रैश

July 30, 2025

ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, पहला रॉकेट 14 सेकेंड में हुआ क्रैश

वेलिंग्टन (न्यूजीलैंड): ऑस्ट्रेलिया के पहले घरेलू रूप से विकसित कक्षीय रॉकेट एरिस ने बुधवार को अंतरिक्ष की ओर उड़ान भरने की कोशिश की, लेकिन उड़ान भरने के महज 14 सेकंड बाद ही वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह रॉकेट गिल्मर स्पेस टेक्नोलॉजीज द्वारा तैयार किया गया था और इसे देश की अंतरिक्ष क्षमता के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा था।

प्रक्षेपण की रोमांचक शुरुआत, लेकिन जल्द हुआ हादसा

23 मीटर लंबा एरिस रॉकेट क्वींसलैंड प्रांत के उत्तर में बोवेन के पास स्थित एक निजी लॉन्च साइट से प्रक्षेपित किया गया। प्रक्षेपण के शुरुआती क्षणों में रॉकेट को सफलता पूर्वक टावर से ऊपर उठते देखा गया, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह दृश्य से ओझल हो गया और उसके बाद घटनास्थल के ऊपर धुएं का विशाल गुबार उठता देखा गया।

कोई हताहत नहीं, तकनीकी जांच जारी

रॉकेट दुर्घटना के दौरान कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ, जिससे एक बड़ी राहत मानी जा रही है। फिलहाल कंपनी दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच कर रही है।

लंबे समय से हो रही थी तैयारी

गिल्मर स्पेस ने इस लॉन्च की तैयारी काफी समय से की थी। पहले इस रॉकेट को मई में उड़ाने की योजना थी, जिसे तकनीकी खामी और खराब मौसम के कारण स्थगित करना पड़ा था। इस माह के शुरू में भी एक प्रयास असफल रहा।

सीईओ एडम गिलमोर ने जताई संतोष की भावना

गिल्मर स्पेस टेक्नोलॉजीज के सीईओ एडम गिलमोर ने लिंक्डइन पर पोस्ट करते हुए कहा, “यह देखकर अच्छा लगा कि रॉकेट ने लॉन्चपैड छोड़ा। अगर यह कुछ और सेकंड तक उड़ता, तो और अच्छा लगता, लेकिन फिर भी यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”

ऑस्ट्रेलिया की अंतरिक्ष यात्रा की शुरुआत

भले ही यह उड़ान सफल नहीं रही, लेकिन यह रॉकेट ऑस्ट्रेलिया में निर्मित और प्रक्षेपित पहला कक्षीय रॉकेट था, जिससे देश की निजी अंतरिक्ष यात्रा की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है। आने वाले समय में इस अनुभव से सीखकर और मजबूत प्रयासों की उम्मीद की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें