
इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के अरबपति कारोबारी और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की स्पेस कंपनी ब्लू ओरिजिन को बड़ा झटका लगा है। कंपनी का विशाल न्यू ग्लेन रॉकेट फ्लोरिडा में टेस्टिंग के दौरान अचानक विस्फोट का शिकार हो गया। यह हादसा गुरुवार रात केप कैनावेरल स्थित लॉन्च कॉम्प्लेक्स-36 में हुआ, जहां रॉकेट का इंजन टेस्ट किया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेस्टिंग के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते लॉन्च पैड आग के बड़े गोले में बदल गया। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो और तस्वीरें साझा कीं, जिनमें आसमान आग की लपटों से चमकता दिखाई दिया।
ये भी पढ़ें: Hamirpur: बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल ढहा, मलबे के नीचे दबने से 6 मजदूरों की मौत
ब्लू ओरिजिन ने घटना के बाद बयान जारी करते हुए कहा कि टेस्ट के दौरान तकनीकी खराबी सामने आई थी। सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसकी वजह का पता लगाया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं ने भी इलाके का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक विस्फोट के बाद किसी जहरीले धुएं या बड़े खतरे की स्थिति नहीं बनी। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
न्यू ग्लेन रॉकेट को ब्लू ओरिजिन का सबसे महत्वपूर्ण स्पेस प्रोजेक्ट माना जाता है। यह भारी रॉकेट भविष्य में बड़े सैटेलाइट लॉन्च करने और नासा के चंद्र मिशनों इस्तेमाल किए जाने के लिए तैयार किया जा रहा है। हालांकि इससे पहले भी इस रॉकेट को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। अप्रैल में एक मिशन के दौरान इंजन में खराबी आने की वजह से रॉकेट अपने सैटेलाइट को सही कक्षा में नहीं पहुंचा पाया था।
ब्लू ओरिजिन लंबे समय से अंतरिक्ष क्षेत्र में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को टक्कर देने की कोशिश कर रही है। कंपनी लगातार नए रॉकेट और स्पेस तकनीक पर काम कर रही है। न्यू ग्लेन रॉकेट का नाम अमेरिका के प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री जॉन ग्लेन के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने पृथ्वी की परिक्रमा करने वाले पहले अमेरिकी के रूप में इतिहास बनाया था। इस हादसे के बाद ब्लू ओरिजिन के आगामी मिशनों पर असर पड़ सकता है। अब सभी की नजर कंपनी की जांच रिपोर्ट और अगले कदम पर टिकी हुई है।
ये भी पढ़ें: Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, इन जिलों में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट