Site icon Dainik Savera Times

ऐसे बना चीन की महान दीवार के पास सबसे अच्छा हैरिटेज होटल ‘ब्रिकयार्ड’, धुएं के गुबार और प्रदूषण से मिली मुक्ति

default

कुछ वर्ष पहले तक चीन की राजधानी पेइचिंग व अन्य जगहों पर प्रदूषण की समस्या आम थी, महान दीवार यानी ग्रेट वॉल ऑफ चाइना के पास बसे पेइको गांव की भी यही स्थिति थी। यहां पर टाइल्स बनाने की एक फैक्ट्री थी, जिससे भारी मात्रा में धुआं निकलता था और आसपास का इलाका कूड़े-कचरे के ढेर से पटा होता था। लेकिन आज यहां के हालात पूरी तरह बदल चुके हैं, इस फैक्ट्री की जगह पर ब्रिकयार्ड नामक लोकप्रिय हैरिटेज रिजार्ट खुल चुका है, जहां से ग्रेट वॉल का मूथ्यानयू वाला हिस्सा साफ दिखता है। शहरों की आपाधापी से दूर इस जगह पर आकर पर्यटक बेहद शांत और सुरम्य वातावरण का आनंद उठाते हैं। इतना ही नहीं पेइको गांव को चीन के सबसे आकर्षक आरामदायक और बीजिंग के सबसे सुंदर गांव का खिताब हासिल हो चुका है।

पहले इस इलाके की कहानी कुछ अलग थी। पहाड़ों से घिरे पेइको गांव में धूल-धुएं और गंदगी का आलम था, इसकी एक बड़ी वजह ग्लेज़्ड टाइल्स फैक्ट्री थी। बाद में बाजार में डिमांड कम होने व अन्य कारणों से यह फैक्ट्री बंद हो गयी। इस दौरान जिम स्पीयर नामक एक अमेरिकी नागरिक और उनकी पत्नी ने 2010 में इस जगह पर एक अनोखे हैरिटेज होटल ब्रिकयार्ड की शुरुआत की। इस तरह गांव से काला धुआं छंट गया और गांव में रौनक लौट आयी। हालांकि ब्रिकयार्ड को बनाने में इस बात का पूरा ध्यान रखा गया कि पूर्व में यहां मौजूद टाइल्स फैक्ट्री का अधिक से अधिक मूल स्वरूप बरकरार रहे। इससे पता चलता है कि यह हैरिटेज ब्रिकयार्ड अपनी ऐतिहासिक स्मृति को नहीं भूला है। अतीत में यहां मौजूद गुफा आवासों को भी संरक्षित किया गया है और आधुनिक कला के साथ-साथ ईंट व टाइल्स का मिश्रण हर जगह पर देखा जा सकता है। वैसे वर्तमान में छिन चियानफंग इस हैरिटेज होटल के मालिक हैं। जिन्हें इस ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए बड़ा गर्व है।

ब्रिकयार्ड की सीईओ छाव फिंग ने सीजीटीएन संवाददाता अनिल पांडेय को बताया कि इस हैरिटेज होटल में उत्तरी चीन के ग्रामीण इलाकों की पारंपरिक शैली को बनाए रखने का पूरा प्रयास किया गया है। क्योंकि यहां पर लगायी गयी हर ईंट, टाइल, लकड़ी और मिट्टी आदि से परंपरागत ढांचे की झलक मिलती है। वहीं ग्रामीण व शहरी, परंपरागत व आधुनिक शैली के साथ पूर्वी व पश्चिमी तत्वों का मेल ब्रिकयार्ड के जरिए हमें दिखता है।  

पिछले कई वर्षों से चीन में रह रहे और ब्रिकयार्ड के पब्लिक रिलेशन मैनेजर नितिन काला ने हमारे साथ बातचीत में कहा, यहां पहुंचने के बाद मेहमानों को अलग ही अनुभूति होती है। क्योंकि चीन की महान दीवार को देखने और उस पर चढ़ने का अनुभव लोगों के लिए सपने पूरे होने जैसा होता है। ऐसे में जब वे ब्रिकयार्ड में आते हैं तो उन्हें बहुत शांति मिलती है। 

होटल के कमरों को बनाने में नेचुरल लैंडस्केप का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया गया है। साथ ही यहां टेलीविजन नहीं लगाए जाते, ताकि पर्यटक शांत माहौल में समय गुजारें और पहाड़ों के बीच रात के वक्त चाँद और तारों को निहार सकें और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकें। होटल के हर कमरे में उत्तर दिशा की ओर एक बड़ी कांच की खिड़की है। चाहे गेस्ट बालकनी में बैठे हों या बिस्तर पर लेटे हों, चीन की ग्रेट वॉल को आसानी से देख सकते हैं। 

 अगर आपको मौका मिले तो जरूर यहां आएं। क्योंकि यह आपके लिए चीन की महान दीवार को चढ़ने के साथ-साथ ब्रिकयार्ड में आराम करने का बहुत यादगार और न भुला सकने वाला अनुभव होगा। 

प्रस्तुति- अनिल पांडेय चाइना मीडिया ग्रुप 

Exit mobile version