Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

ब्रिटेन के King Charles III को हुआ Cancer, दुनियाभर के नेताओं ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

February 6, 2024

ब्रिटेन के King Charles III को हुआ Cancer, दुनियाभर के नेताओं ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

लंदनः किंग चार्ल्स को एक प्रकार के कैंसर का पता चला है और उन्होंने इलाज करवाना शुरू कर दिया है। बकिंघम पैलेस ने यह घोषणा की हैं। बकिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा, कि ‘प्रोस्टेट बढ़ने पर किंग ने हाल ही में अस्पताल में जांच करवाई। जांच में कैंसर की पहचान की गई।‘ कैंसर के प्रकार का खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन राजमहल के एक बयान के अनुसार राजा ने सोमवार को ‘नियमित उपचार‘ शुरू किया।

बयान में कहा गया है, ‘महामहिम ने आज नियमित उपचार शुरू किया है, इस दौरान डॉक्टरों ने उन्हें सार्वजनिक गतिविधियों को स्थगित करने की सलाह दी है। इस अवधि के दौरान महामहिम हमेशा की तरह राज्य के व्यवसाय और आधिकारिक कागजी काम करना जारी रखेंगे।‘

बयान में आगे कहा गया है कि किंग ‘अपनी मेडिकल टीम के त्वरित हस्तक्षेप के लिए आभारी हैं, जो उनकी हालिया अस्पताल प्रक्रिया के कारण संभव हो सका। वह अपने इलाज के बारे में पूरी तरह से सकारात्मक हैं और जल्द से जल्द पूर्ण सार्वजनिक कर्तव्य पर लौटने के लिए उत्सुक हैं।‘ बकिंघम पैलेस के अनुसार, किंग चार्ल्स ने ‘अटकलों को रोकने के लिए और इस उम्मीद में अपने निदान को साझा करने का फैसला किया है कि यह दुनियाभर के उन सभी लोगों के लिए सार्वजनिक समझ में सहायता कर सकता है जो कैंसर से प्रभावित हैं‘। फिलहाल कैंसर के चरण या पूर्वानुमान पर कोई और विवरण साझा नहीं किया गया है।

दुनियाभर के नेताओं ने की ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के कैंसर से पीड़ित होने का पता चलने के बाद कई देशों के नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। किंग चार्ल्स के स्वास्थ्य की खबर आने के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने उनके ‘‘शीघ्र स्वस्थ’’ होने की कामना की। सुनक ने ‘एक्स’ पर कहा, कि ‘मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह कुछ ही समय में पूरी ताकत के साथ लौटेंगे और मैं जानता हूं कि पूरा देश उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।’’

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्रियों लिज ट्रस, बोरिस जॉनसन और सर टोनी ब्लेयर ने भी ऐसे ही संदेश पोस्ट किए। जॉनसन ने कहा, कि ‘आज पूरा देश राजा के साथ होगा।’’ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी कहा कि वह किंग चार्ल्स को लेकर ‘‘चिंतित’’ हैं और वह उनसे फोन पर बात करेंगे। उन्होंने पत्रकारों से कहा, कि ‘मैं उन्हें लेकर चिंतित हूं। उनकी बीमारी के बारे में अभी पता चला। मैं उनसे बात करूंगा।’’

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि किंग चार्ल्स ‘‘शानदार व्यक्ति हैं, जिन्हें मैंने राष्ट्रपति पद पर रहने के दौरान अच्छी तरह से जाना।’’ अपने ‘ट्रुथ सोशल’ मंच पर ट्रंप ने लिखा, ‘‘हम सभी उनके शीघ्र और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने कहा, कि ‘मैं देश और दुनियाभर के लोगों की तरह किंग चार्ल्स तृतीय के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और उनके शीघ्र एवं पूरी तरह से स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

किंग चार्ल्स के स्वास्थ्य को लेकर ब्रिटेन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के संदेशों की बाढ़ आ गई। सभी प्रमुख दलों के नेताओं ने राजा के पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें