Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

रूस ने ‘ब्रिटिश काउंसिल’ को घोषित किया ‘‘अवांछनीय’’

June 6, 2025

रूस ने ‘ब्रिटिश काउंसिल’ को घोषित किया ‘‘अवांछनीय’’

British Council : रूस ने ‘ब्रिटिश काउंसिल’ को ‘‘अवांछनीय’’ संगठन घोषित करते हुए आरोप लगाया है कि ब्रिटेन की खुफिया सेवा ‘एमआई-6’ ‘ब्रिटिश काउंसिल’ की आड़ में काम करती है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने एक बयान में आरोप लगाया कि ब्रिटेन की खुफिया सेवाएं देशों की संप्रभुता को कमजोर करने के उद्देशय़ से ‘ब्रिटिश काउंसिल’ का इस्तेमाल करती हैं।

जखारोवा ने कहा, ‘‘रूस के सक्षम प्राधिकारियों को जानकारी मिली है कि ब्रिटिश खुफिया सेवाएं स्वतंत्र देशों की संप्रभुता को कमजोर करने के उद्देशय़ से अवैध अभियानों में ‘ब्रिटिश काउंसिल’ का इस्तेमाल करती हैं और यह गोपनीय विध्वंसक गतिविधियों में शामिल है।’’ रूसी महाभियोजक के कार्यालय ने ‘ब्रिटिश काउंसिल’ को एक अवांछनीय संगठन घोषित किया है, हालांकि यह 2018 से निष्क्रिय है।

जखारोवा ने यूक्रेन अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि ‘‘विशेष सैन्य अभियान’’ की शुरुआत के बाद ‘ब्रिटिश काउंसिल’ ने ‘‘ब्रिटेन सरकार के शत्रुतापूर्ण रूसी विरोधी कदमों में अभूतपूर्व रूप से साथ दिया’’। एक समाचार एजेंसी के अनुसार, रूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि संगठन ने ‘‘हमारे देश के नेतृत्व की नीति को बदनाम करने और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से सीआईएस (स्वतंत्र राष्ट्रों के राष्ट्रमंडल) में रूसी प्रभाव को कम करने के सामान्य पश्चिमी प्रयास में जोर शोर से मदद की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि पहले ही उल्लेख किया जा चुका है, ‘ब्रिटिश काउंसिल’ के रूसी कार्यालय को बंद करा दिया गया था, फिर भी इसके मूल संगठन ने अन्य देशों में स्थित अपने कार्यालयों से विध्वंसकारी कार्यों को जारी रखा तथा हमारे देश से निर्वासित लोगों को अपनी परियोजनाओं में शामिल किया।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें