Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बुर्का और नकाब पहनने पर लगेगा प्रतिबंध! उल्लंघन करने पर होगा लाखों का जुर्माना

June 10, 2026

बुर्का और नकाब पहनने पर लगेगा प्रतिबंध! उल्लंघन करने पर होगा लाखों का जुर्माना

इंटरनेशनल डेस्क: स्पेन के स्वायत्त क्षेत्र बैलेरिक आइलैंड्स में बुर्का और नकाब के इस्तेमाल पर सख्त नियम लागू करने की तैयारी चल रही है। क्षेत्रीय संसद में एक ऐसे विधेयक पर विचार किया जा रहा है, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा पूरी तरह ढकने वाले परिधानों पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पहल को दक्षिणपंथी राजनीतिक दल वॉक्स (Vox) और पीपुल्स पार्टी (PP) का समर्थन प्राप्त है।

बार-बार नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रस्तावित कानून के तहत यदि कोई व्यक्ति बार-बार बुर्का या नकाब पहनने से जुड़े नियमों का उल्लंघन करता है, तो उस पर 25,000 पाउंड (करीब 30 लाख रुपये) तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह कदम सार्वजनिक सुरक्षा और पहचान सत्यापन को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है।

महिलाओं पर दबाव डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

विधेयक में उन लोगों के लिए भी कड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं जो किसी महिला को बुर्का, नकाब या सिर ढकने वाला परिधान पहनने के लिए मजबूर करते हैं। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर चार साल तक की जेल की सजा हो सकती है। इसके अलावा यदि कोई विदेशी नागरिक बार-बार ऐसा अपराध करता है, तो उसे देश से निष्कासित किए जाने का प्रावधान भी प्रस्तावित है।

नाबालिगों की सुरक्षा पर भी जोर

प्रस्ताव में कहा गया है कि नाबालिग लड़कियों या संरक्षण में रहने वाली महिलाओं पर ऐसे परिधान पहनने का दबाव डालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। समर्थकों का कहना है कि यह कदम महिलाओं की स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी है।

विपक्ष ने बताया भेदभावपूर्ण

इस प्रस्ताव का कई विपक्षी दलों ने विरोध किया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि यह कानून धार्मिक और सांस्कृतिक स्वतंत्रता पर हमला है। उनका आरोप है कि इस तरह के कदम समाज में विभाजन पैदा कर सकते हैं और किसी विशेष समुदाय को निशाना बना सकते हैं। कुछ विपक्षी नेताओं का मानना है कि यह मुद्दा महिलाओं की स्वतंत्रता से ज्यादा सांस्कृतिक और राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गया है। उन्होंने प्रस्तावित कानून को भेदभावपूर्ण सामाजिक सौहार्द के लिए नुकसानदायक बताया है।

समर्थकों का क्या कहना है?

विधेयक का समर्थन करने वाले नेताओं का तर्क है कि चेहरा पूरी तरह ढकने वाले परिधान आधुनिक समाज के मूल्यों के अनुरूप नहीं हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर व्यक्ति की पहचान स्पष्ट होना जरूरी है और इससे सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी कम होंगी। महिलाओं को ऐसे परिधान पहनने के लिए मजबूर करना उनके अधिकारों का उल्लंघन है और इसे रोकने के लिए सख्त कानून आवश्यक हैं।

बुर्का और नकाब में क्या अंतर है?

बुर्का एक ऐसा परिधान है, जो महिला के पूरे शरीर को सिर से पैर तक ढक देता है। इसमें आंखों के सामने भी जालीदार कपड़ा लगा होता है, जिससे बाहर देखा जा सकता है। नकाब चेहरे को ढकने वाला पर्दा होता है, जिसमें केवल आंखों के आसपास का हिस्सा खुला रहता है जबकि बाकी चेहरा ढका रहता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें