Site icon Dainik Savera Times

कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर ने चीन के साथ व्यापारिक संबंध बनाए रखने का ऐलान किया

2 मई को जापानी मीडिया निक्केई एशिया के साथ एक ऑनलाइन साक्षात्कार में अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टैरिफ़ नीति को राज्य के लिए “भारी नुकसानदायक” बताते हुए स्पष्ट किया कि कैलिफ़ोर्निया चीन सहित वैश्विक साझेदारों के लिए अपने व्यापारिक दरवाज़े खुले रखने को प्रतिबद्ध है। न्यूसम ने ज़ोर देकर कहा कि कैलिफ़ोर्निया चीन का “स्थिर व्यापारिक साझेदार” रहा है और वैश्विक व्यापार को “जीरो-सम गेम” नहीं, बल्कि आपसी निर्भरता का माध्यम मानता है।

गवर्नर ने ट्रम्प प्रशासन की टैरिफ़ नीतियों के व्यापक प्रभावों की ओर इशारा करते हुए बताया कि इससे न केवल एशिया के साथ व्यापार और सिलिकॉन वैली की प्रौद्योगिकी कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखलाएं प्रभावित हुईं, बल्कि पर्यटन, छोटे-बड़े व्यवसायों और राज्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को भी गहरा झटका लगा।
उन्होंने दावा किया कि इन नीतियों के कारण कैलिफ़ोर्निया को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से “अरबों डॉलर” का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। अप्रैल में ट्रम्प द्वारा “पारस्परिक टैरिफ़” की घोषणा के बाद न्यूसम ने विदेशी अर्थव्यवस्थाओं से कैलिफ़ोर्निया पर प्रतिशोधात्मक कर न लगाने की अपील की थी। इस मुद्दे पर कैलिफ़ोर्निया ट्रम्प प्रशासन के खिलाफ़ मुकदमा दायर करने वाला पहला अमेरिकी राज्य भी बना।

न्यूसम ने वाशिंगटन डी.सी. के साथ राजनीतिक और विचारधारात्मक मतभेदों को रेखांकित करते हुए कहा, “हम वाशिंगटन से 2,000 मील दूर हैं और हमारी सोच वहां बैठे लोगों से पूरी तरह अलग है।” उन्होंने दावा किया कि कैलिफ़ोर्निया “ट्रम्प को सबसे अधिक खारिज करने वाला” राज्य है और उनके मूल्य वर्तमान व्हाइट हाउस की नीतियों से बिल्कुल भिन्न हैं।

आर्थिक ताकत के संदर्भ में न्यूसम ने 23 अप्रैल को जारी आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 2024 में कैलिफ़ोर्निया का नाममात्र जीडीपी जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यदि इसे एक स्वतंत्र “अर्थव्यवस्था” माना जाए, तो यह अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद विश्व में चौथे स्थान पर होगा।

(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें- हेल्थ टिप्स: शीर्षासन से बढ़ेगा ब्लड सर्कुलेशन और आत्मविश्वास

Exit mobile version