Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत यात्रा पर आ सकते हैं चीन के रक्षा मंत्री

March 31, 2023

भारत यात्रा पर आ सकते हैं चीन के रक्षा मंत्री

नई दिल्ली : भारत और चीन के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चले आ रहे गतिरोध के बीच चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू के भारत यात्रा पर आने की संभावना है। दरअसल भारत 27 अप्रैल से शंघाई सहयोग संगठन देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक की मेजबानी कर रहा है और उसने इसके लिए सभी सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों को आमंत्रित किया है। पाकिस्तान और चीन के रक्षा मंत्रियों को भी बैठक में हिस्सा लेने का निमंत्रण दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार चीन के रक्षा मंत्री के बैठक में व्यक्तिगत रुप से हिस्सा लेने की संभावना है और इसके लिए वह भारत यात्रा पर आ सकते हैं। यदि चीनी रक्षा मंत्री भारत आते हैं तो पूर्वी लद्दाख में करीब तीन वर्ष से चले आ रहे सैन्य गतिरोध के बाद चीन के रक्षा मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी। हालाकि अभी इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गयी है।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2020 में चीन द्वारा वास्तविक नियंत्रण रेखा पर यथास्थिति को बदलने की एकतरफा कोशिश के बाद से दोनों देशों की सेनाओं के बीच गतिरोध चला आ रहा है। इसके समाधान के लिए अब तक दोनों पक्षों के सैन्य कमांडरों के बीच 17 दौर की वार्ता हो चुकी है जिनमें कुछ मुद्दों का समाधान हुआ है लेकिन कुछ मुद्दों को लेकर अभी सहमति नहीं बन पायी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें