Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

ग्रासरूट फ़ुटबॉल: चीन की अर्थव्यवस्था का नया इंजन

August 6, 2025

ग्रासरूट फ़ुटबॉल: चीन की अर्थव्यवस्था का नया इंजन

China economy : सपने वो नहीं जो सोते वक़्त देखे जाते हैं, सपने वो हैं जो आपको सोने न दें। और जब बात चीन जैसे विशाल देश की हो, तो सपने भी उतने ही बड़े होते हैं। आज, चीन में एक ऐसा सपना ज़ोर पकड़ रहा है, जो न केवल फ़ुटबॉल के मैदानों को हरा-भरा कर रहा है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ़्तार दे रहा है। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं ग्रासरूट फ़ुटबॉल की, जो चीन की अर्थव्यवस्था का नया इंजन बनकर उभर रहा है। आइए, इस न्यूज़ स्टोरी में जानते हैं कि कैसे फ़ुटबॉल का जुनून चीन को नई ऊँचाइयों तक ले जा रहा है।

“चाइनीज़ फ़ुटबॉल ड्रीम” का उदय
चीन में फ़ुटबॉल कोई नया खेल नहीं है। सालों से लोग इसे खेलते आए हैं, लेकिन हाल के वर्षों में इस खेल ने एक नया रूप लिया है। 2015 में, जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफ़िंग ने “चाइनीज़ फ़ुटबॉल ड्रीम” का नारा दिया, तो यह सिर्फ़ एक नारा नहीं था, बल्कि एक ऐसा विज़न था, जिसने पूरे देश को प्रेरित किया। शी चिनफ़िंग, जो ख़ुद फ़ुटबॉल के दीवाने हैं, चाहते हैं कि चीन न केवल फ़ुटबॉल में वर्ल्ड चैंपियन बने, बल्कि यह खेल देश की अर्थव्यवस्था और समाज को भी मज़बूत करे।

ग्रासरूट फ़ुटबॉल, यानी ज़मीनी स्तर पर फ़ुटबॉल को बढ़ावा देना, इस सपने का दिल है। स्कूलों, गाँवों, छोटे शहरों और दूर-दराज़ के इलाक़ों में फ़ुटबॉल को आम लोगों तक पहुँचाने की कोशिश हो रही है। लेकिन यह सिर्फ़ खेल की बात नहीं है; इसके पीछे एक बड़ा आर्थिक मक़सद भी है।

“सू सुपर लीग”: एक गेम चेंजर
इस दिशा में सबसे दिलचस्प पहल है— “सू सुपर लीग”। च्यांग्सू प्रांत में शुरू हुई ये लीग अब पूरे देश में पहचान बना चुकी है। यह लीग न केवल खेल के प्रति जुनून को बढ़ावा देती है, बल्कि स्थानीय पहचान और सामुदायिक जुड़ाव को भी मज़बूत करती है। इसकी लोकप्रियता इतनी है कि इसने चीन की टॉप-लेवल फ़ुटबॉल लीग की औसत उपस्थिति को भी पीछे छोड़ दिया है।

वूशी और छांग्चोउ के बीच हुए एक मैच को 24 ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स पर 2 करोड़ से अधिक लोगों ने लाइव देखा, जिसे “इंटरनेट सनसनी” का नाम दिया गया। यह लोकप्रियता 2025 फीफ़ा क्लब वर्ल्ड कप को भी मात दे रही है। “सू सुपर लीग” ने साबित किया है कि ज़मीनी स्तर पर फ़ुटबॉल का जुनून चीन में कितना गहरा है, भले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को अभी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा हो।

आर्थिक विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण
यह लीग सिर्फ़ खेल तक सीमित नहीं है। यह स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दे रही है, जैसा कि पर्यटन में हुई भारी वृद्धि और स्थानीय बिज़नेस पर इसके सकारात्मक प्रभाव से साफ़ है। “सू सुपर लीग” सामाजिक जुड़ाव और सांस्कृतिक पहचान को मज़बूत करने के साथ-साथ कमर्शियल विकास को भी आकर्षित कर रही है। इसकी शुरुआत सिर्फ़ 6 स्पॉन्सर्स के साथ हुई थी, लेकिन अब इसमें JD.com और Yili Dairy जैसे बड़े ब्रांड्स समेत 20 स्पॉन्सर्स शामिल हैं। यह लीग आर्थिक विकास और पर्यटन के लिए एक मज़बूत उत्प्रेरक बन चुकी है।

“सू सुपर लीग” की ख़ास बात यह है कि ये एक कम्युनिटी-ड्रिवन लीग है। इसमें हर वर्ग के लोग हिस्सा लेते हैं— हाई स्कूल के छात्र, कूरियर कर्मचारी, आईटी प्रोफ़ेशनल्स, और कई अन्य। यह इसे आम लोगों के साथ फ़ुटबॉल को जोड़ने का एक अनूठा मॉडल बनाता है। इसके अलावा, ग्रासरूट फ़ुटबॉल युवाओं के लिए नए करियर के अवसर खोल रहा है। कोचिंग, रेफ़री, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, और प्रोफ़ेशनल प्लेयर बनने के मौके मिल रहे हैं, जिससे बेरोज़गारी कम करने में मदद मिल रही है।

इस लीग की टीमें अपने शहरों की ख़ासियतों के नाम पर रखी गई हैं, जैसे वूशी की टीम “शहद आड़ू” और नानचिंग की “नमकीन बतख”। ये नाम न केवल लोकल कल्चर को बढ़ावा देते हैं, बल्कि लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। यह लीग साबित करती है कि जब खेल को लोकल कल्चर और कम्युनिटी स्पिरिट के साथ जोड़ा जाता है, तो यह न केवल लोकप्रियता हासिल करता है, बल्कि एक शक्तिशाली आर्थिक चालक भी बन जाता है।

“सू सुपर लीग” ने ज़मीनी स्तर पर स्पोर्ट्स कल्चर को नया आयाम दिया है और यह दिखाया है कि स्पोर्ट इवेंट्स की वैल्यू सिर्फ़ मैदान तक सीमित नहीं है। यह चीन के लिए एक मॉडल है कि कैसे खेल को सामाजिक और आर्थिक उद्देश्यों के साथ जोड़ा जा सकता है।

भविष्य की संभावनाएं
तो क्या ग्रासरूट फ़ुटबॉल वाक़ई में चीन की अर्थव्यवस्था का नया इंजन बन सकता है? जवाब है— हाँ, बशर्ते इसे सही दिशा में ले जाया जाए। फ़ुटबॉल सिर्फ़ एक खेल नहीं है; यह एक ऐसा प्लेटफ़ॉर्म है, जो नौकरियाँ, बिज़नेस, और ग्लोबल इमेज बना सकता है। अगर चीन अपने इस विज़न को हक़ीक़त में बदलता है, तो 2030 तक हम एक नए फ़ुटबॉल सुपरपावर को उभरते देख सकते हैं।

भारत के लिए भी यह एक सबक है। खेल को सिर्फ़ एंटरटेनमेंट नहीं, बल्कि आर्थिक अवसर के रूप में देखना चाहिए। छोटे शहरों और गाँवों में स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप करना, लोकल टैलेंट को निखारना, और इंटरनेशनल स्टैंडर्ड्स मेंटेन करना— यह फ़ॉर्मूला सफलता की गारंटी है।

सपने बड़े हैं, और रास्ता लंबा है। लेकिन जिस देश ने ग्रेट वॉल बनाई, वह फ़ुटबॉल के मैदान में भी कमाल कर सकता है। ग्रासरूट फ़ुटबॉल न सिर्फ़ बच्चों को गोल करने का मौक़ा दे रहा है, बल्कि चीन की अर्थव्यवस्था को भी गोलपोस्ट की ओर दौड़ा रहा है। तो अगली बार जब आप किसी गाँव में बच्चों को फ़ुटबॉल खेलते देखें, तो याद रखें— ये सिर्फ़ एक खेल नहीं, बल्कि एक नई आर्थिक क्रांति की शुरुआत है।

(अखिल पाराशर, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें