Site icon Dainik Savera Times

चीन ने बनाई दुनिया की सबसे लंबी एक्सप्रेसवे सुरंग, घंटों की यात्रा अब मिनटों में

China world's longest expressway tunnel

China world's longest expressway tunnel

इंटरनेशनल डेस्क: चीन ने अपने शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र में दुनिया की सबसे लंबी एक्सप्रेसवे सुरंग तियानशान शेंगली टनल को आम लोगों के लिए खोल दिया है। यह सुरंग करीब 22.13 किलोमीटर लंबी है और सेंट्रल तियानशान पहाड़ों के नीचे से गुजरती है। इस सुरंग के शुरू होने से पहाड़ी इलाकों में सफर अब पहले के मुकाबले बेहद आसान और तेज हो गया है।

इस मेगा प्रोजेक्ट को तैयार करने वाली चाइना कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन कंपनी के चेयरमैन सोंग हैलियांग के अनुसार, इस सुरंग ने दो बड़े विश्व रिकॉर्ड बनाए हैं। यह दुनिया की सबसे लंबी एक्सप्रेसवे सुरंग है और इसमें किसी भी हाईवे सुरंग की तुलना में सबसे गहरी वर्टिकल शाफ्ट बनाई गई है।

ये भी पढ़ें: Year Ender 2025: साल 2025 में इन 7 क्रिकेटरों ने की सबसे ज्यादा कमाई, संन्यास के बाद भी विराट सबसे आगे

तियानशान शेंगली सुरंग उत्तर-पश्चिम चीन के उस इलाके से होकर गुजरती है, जहां पहले पहाड़ों और खराब मौसम के कारण सफर काफी मुश्किल माना जाता था। इस सुरंग के चालू होने से जो यात्रा पहले कई घंटों में पूरी होती थी, अब वही सफर महज 20 मिनट में पूरा हो रहा है।

मीडिया एजेंसी के मुताबिक, यह सुरंग G0711 उरूमकी–युली एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा है, जिसे 26 दिसंबर 2025 से यातायात के लिए खोल दिया गया है। यह एक्सप्रेसवे शिनजियांग के उत्तर और दक्षिण हिस्सों में बसे शहरों को जोड़ने का काम करेगा और पूरे क्षेत्र में आवागमन को मजबूती देगा। तियानशान पर्वतमाला करीब 2,500 किलोमीटर तक फैली हुई है और यह प्रांतीय राजधानी उरूमकी और शहर कोरला के बीच प्राकृतिक बाधा की तरह मौजूद थी। एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद अब उरूमकी से कोरला का सफर पहले के लगभग 7 घंटे की जगह घटकर 3 से साढ़े 3 घंटे में पूरा हो रहा है।

इस सुरंग का निर्माण तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। यह परियोजना 16 बड़े भूगर्भीय फॉल्ट जोन से होकर गुजरती है, जहां भूकंपीय जोखिम बना रहता है। इसके बावजूद इंजीनियरों ने आधुनिक तकनीक की मदद से इस सुरंग को सफलतापूर्वक तैयार किया। चीन ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम साल 2020 में शुरू किया था और इसे लगभग 6.6 अरब अमेरिकी डॉलर की लागत से पूरा किया गया है। तियानशान शेंगली सुरंग को चीन की आधुनिक इंजीनियरिंग क्षमता और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

Video: सुम्बल में काम न करने वाले फव्वारों को लेकर जनता में रोष

Exit mobile version