
बीजिंग: चीनी वैज्ञानिकों ने स्मार्टवॉच के लिए एक ऐसा सैंसर बनाया है, जो समुद्र में 500 मीटर की गहराई में मौजूद पनडुब्बी का पता लगा लेगा। इसे चीनी एकैडमी ऑफ साइंसेज (CAS) के तहत आने वाले हेफेई इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल साइंस और निंगबो इंस्टीट्यूट ऑफ़ मैटेरियल्स टैक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग की एक टीम ने डिजाइन किया है। इसे ‘हॉल-इफैक्ट मैग्नेटिक सैंसर’ नाम दिया गया है। यह सैंसर धूल के कण से भी छोटे आकार का है।
यह इतना संवेदनशील है कि सैद्धांतिक रूप से आधे किलोमीटर (1640 फीट) दूर से स्टील की बॉडी वाली पनडुब्बी की हल्की मैग्नेटिक वाइब्रेशन को पकड़ लेगा। इस रिसर्च के बारे में 17 जुलाई को फिजिकल रिव्यू लैटर्स जर्नल में एक रिसर्च पेपर प्रकाशित किया गया था। इसमें दशकों पुराने सैंसिटिविटी बनाम नॉयस यानि संवेदनशीलता बनाम शोर के सिद्धांत को खारिज कर दिया है, जिसकी वजह से आम मैग्नेटिक सैंसर सबसे धीमे सिग्नल को नहीं पकड़ पाते थे।
इसका इस्तेमाल सैन्य और असैन्य उपकरणों में किया जा सकता है। ऐसे में आशंका है कि चीन अपने मछुआरों को भी इस तरह के स्मार्टवॉच से लैस कर सकता है, जो गहरे पानी में मछलिया पकड़ने के लिए देश-दुनिया के समुद्रों की सैर करते हैं। इन मछुआरों को चीनी समुद्री मिलिशिया फ्लीट भी कहा जाता है।