Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन लेकर आया नया कार्गो ड्रोन, खासियत जान हो जाएंगे हैरान

April 2, 2026

चीन लेकर आया नया कार्गो ड्रोन, खासियत जान हो जाएंगे हैरान

इंटरनेशनल डेस्क: चीन ने एक नया भारी-भरकम कार्गो ड्रोन तैयार किया है, जिसका नाम ‘चांगयिंग-8’ रखा गया है। इसे खास तौर पर दूरदराज और मुश्किल इलाकों में सामान पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है। दावा किया जा रहा है कि यह ड्रोन अपने वजन जितना भारी सामान लेकर उड़ान भरने में सक्षम है, जो इसे दुनिया के सबसे ताकतवर कार्गो ड्रोन में शामिल करता है।

हाल ही में इस ड्रोन की सफल टेस्ट फ्लाइट की गई है। शुरुआती परीक्षण पूरे होने के बाद अब इसके बाकी ट्रायल भी जल्द पूरे किए जाएंगे, जिसके बाद इसे आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जा सकता है।

चांगयिंग-8 की खासियत इसकी ताकत और डिजाइन है। इस ड्रोन का खुद का वजन करीब 3.5 टन है और यह लगभग उतना ही वजन अतिरिक्त रूप से उठा सकता है। यानी यह एक बार में भारी मात्रा में सामान ले जाने की क्षमता रखता है। इसका ढांचा करीब 17 मीटर लंबा है, जबकि इसके पंखों का फैलाव लगभग 25 मीटर तक है। इसके अंदर करीब 18 क्यूबिक मीटर (लगभग 18,000 लीटर) तक सामान रखा जा सकता है।

ड्रोन को इस तरह बनाया गया है कि इसमें सामान आसानी से लोड और अनलोड किया जा सके। इसके लिए आगे और पीछे दोनों तरफ गेट दिए गए हैं। इसमें दो टर्बोप्रोप इंजन लगे हैं, जो इसे कम दूरी वाले या साधारण रनवे से भी उड़ान भरने और उतरने में मदद करते हैं। यही वजह है कि यह ड्रोन उन जगहों पर भी काम कर सकता है, जहां बेहतर एयरपोर्ट सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

इस ड्रोन की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसे कई तरह के कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह नागरिक और सैन्य दोनों जरूरतों को पूरा कर सके। जरूरत के हिसाब से इसका पेलोड बदला जा सकता है, जिससे इसे अलग-अलग मिशनों में लगाया जा सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चांगयिंग-8 का इस्तेमाल आपदा राहत, इमरजेंसी कम्युनिकेशन, मौसम संबंधी रिसर्च और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी जैसे कामों में किया जा सकता है। खास तौर पर पहाड़ी या दूर-दराज के इलाकों में जरूरी सामान पहुंचाने में यह काफी मददगार साबित हो सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें