Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

गांवों में भी इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल पर ज़ोर दे रहा है चीन

May 8, 2023

गांवों में भी इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल पर ज़ोर दे रहा है चीन

चीन पिछले कई वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति सुधारने पर ध्यान दे रहा है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग बार-बार गांवों में जाकर ग्रामीण इलाकों का हाल जानते हैं। इस बीच चीन ने निर्धारित समय से पहले ही अत्यधिक गरीबी की समस्या को दूर कर दिया है। इसके पश्चात् अब गांवों को आधुनिक और नई तकनीक के साथ जोड़ने पर ज़ोर दिया जा रहा है। हाल में चीनी स्टेट काउंसिल की बैठक में फैसला लिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक वाहनों (नई ऊर्जा वाहनों) के इस्तेमाल पर ध्यान दिया जाएगा, साथ ही उन्नत विनिर्माण समूहों को विकसित करने के उपाय लागू किए जाएंगे। जैसा कि हम जानते हैं कि चीन के शहरी क्षेत्रों में बैटरी चालित वाहनों का प्रयोग काफी बढ़ गया है। सरकार की ओर से इस दिशा में व्यापक प्रयास किए गए हैं, लेकिन अब ध्यान गांवों पर रहेगा। इसका असर बेहतर पर्यावरण और स्वच्छ हवा के रूप में देखने को मिलेगा।

पिछले दिनों चीनी प्रधानमंत्री ली छयांग की अध्यक्षता में स्टेट काउंसिल की कार्यकारी बैठक में कुछ अहम निर्णय लिए गए। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के आधुनिकीकरण और विकास को लेकर चर्चा हुई। बताया जाता है कि चीन उन्नत विनिर्माण समूहों को विकसित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में नई ऊर्जा वाहनों पर खर्च बढ़ाने को प्रोत्साहित करने के लिए नीतिगत उपाय शुरू करेगा। यह इस बात का द्योतक है कि चीन दूरस्थ क्षेत्रों के विकास पर भी पूरा ध्यान दे रहा है।  

हालांकि शहरों के मुकाबले गांवों में नई ऊर्जा वाहनों के संचालन में कुछ समस्याएं मौजूद हैं। इसे देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में नई ऊर्जा वाहनों की बिक्री में आने वाली चुनौतियों और बाधाओं को दूर करने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया गया है। इसमें बैटरी चालित वाहनों को चार्ज़ करने के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर ध्यान देना शामिल है। जबकि बुनियादी ढांचे के संचालन और रखरखाव के लिए भी नीति तैयार की जाएगी। 

इसके साथ ही वाहन कंपनियों को उनकी बिक्री और सेवा के नेटवर्क को ग्रामीण इलाकों में विस्तारित करने के लिए प्रोत्साहित करने पर ध्यान दिया जाएगा। और माना गया कि नई ऊर्जा वाहनों के रखरखाव की मांग बहुत बढ़ गयी है, इसे पूरा करने के लिए व्यावसायिक कॉलेजों को रखरखाव तकनीशियनों को प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया गया है। 

यह भी कहा गया है कि नई ऊर्जा वाहनों की खरीद का समर्थन करने वाली नीतियों को और बेहतर बनाया जाएगा, और उद्यमों को ऐसे वाहनों की आपूर्ति में विविधता लाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में हरित वाहन बाजार का विकास सुनिश्चित किया जा सके। बताया जाता है कि उन्नत विनिर्माण समूहों का विकास चीनी उद्योगों के स्तर को ऊंचे स्तर पर ले जाएगा। इसके साथ ही यह औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं के लचीलेपन और सुरक्षा को मजबूत करने का भी एक महत्वपूर्ण तरीका है। वहीं नवाचार, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, लागत में कमी और बेहतर प्रदर्शन के मामले में बड़े प्रभाव और प्रतिस्पर्धी लाभ को साकार करने के लिए अनुकूल होगा। 

सरकार द्वारा किए जा रहे उक्त प्रयासों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन की लोकप्रियता भी बढ़ेगी। क्योंकि बेहतर आधारभूत ढांचे और सुविधाएं उपलब्ध होने से ज्यादा से ज्यादा पर्यटक वहां घूमने जाएंगे। इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जो पिछले कुछ समय से बेहतर स्थिति में है।

(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, बीजिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें