Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन लगातार 13 वर्षों से विश्व का सबसे बड़ा ऑनलाइन खुदरा बाज़ार

January 16, 2026

चीन लगातार 13 वर्षों से विश्व का सबसे बड़ा ऑनलाइन खुदरा बाज़ार

इंटरनेशनल डेस्क: 13 से 14 जनवरी तक पेइचिंग में आयोजित राष्ट्रीय ई-कॉमर्स कार्य सम्मेलन के अनुसार, चीन का कुल डिजिटल उपभोग 238 खरब युआन से अधिक पहुँच गया है, जिससे देश लगातार 13वें वर्ष विश्व का सबसे बड़ा ऑनलाइन खुदरा बाज़ार बना हुआ है। सम्मेलन में यह बताया गया कि 14वीं पंचवर्षीय योजना (2021-2025) की शुरुआत से चीन के ई-कॉमर्स क्षेत्र ने उच्च गुणवत्ता वाले विकास में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। यह क्षेत्र न केवल नई गुणवत्ता उत्पादक शक्तियों के विकास की महत्वपूर्ण प्रेरक शक्ति बन गया है, बल्कि नए विकास पैटर्न के निर्माण में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

विशेष रूप से डिजिटल और भौतिक उद्योगों का गहन एकीकरण ई-कॉमर्स विकास की एक प्रमुख विशेषता के रूप में उभरा है। 14वीं पंचवर्षीय योजना के आरंभ से अब तक 1,500 से अधिक औद्योगिक ई-कॉमर्स सहयोग कार्यक्रम संचालित किए गए हैं, जिनमें लगभग 10,000 उद्यम शामिल हैं। इससे पारंपरिक उद्योगों का आधुनिकीकरण सशक्त रूप से प्रोत्साहित हुआ है और ऑनलाइन तथा ऑफ़लाइन चैनलों के बीच सहयोग व सामंजस्य को और गहराई मिली है।

बाह्य वातावरण में बढ़ती अनिश्चितता के बावजूद चीन का खुला सहयोग निरंतर विस्तृत हो रहा है, जिससे परस्पर लाभकारी सहयोग को नई गति मिली है। अब तक चीन के ‘सिल्क रोड ई-कॉमर्स’ साझेदार देशों की संख्या बढ़कर 36 हो चुकी है। पायलट ज़ोन का निर्माण सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है, जबकि ‘विश्व को लाभ पहुँचाने’ जैसी गतिविधियाँ वैश्विक स्तर पर चीन के विशाल ई-कॉमर्स बाज़ार में सक्रिय रूप से भागीदारी बढ़ा रही हैं।

सामाजिक दृष्टि से भी ई-कॉमर्स ने गहरा प्रभाव डाला है। इस क्षेत्र से संबंधित नौकरियों में कार्यरत लोगों की संख्या 7.8 करोड़ से अधिक पहुँच चुकी है। 14वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत के बाद से एक्सप्रेस डिलीवरी की मात्रा में लगभग 20 प्रतिशत की औसत वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही, क्लाउड कंप्यूटिंग और बिग डेटा जैसे क्षेत्रों में सॉफ़्टवेयर तथा सूचना सेवाओं के पैमाने में तीव्र विस्तार हुआ है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें