Site icon Dainik Savera Times

उच्च तकनीक के साथ एक हरे-भरे, उज्ज्वल भविष्य की राह पर चीन

आज का चीन एक ऐसे दौर से गुजर रहा है जहाँ तकनीकी विकास और हरित नीतियाँ साथ-साथ चल रही हैं। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अब सिर्फ उत्पादन और व्यापार में ही नहीं, बल्कि हरित तकनीक और नवाचार में भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

चीन ने पिछले एक दशक में सौर और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया को चौंका दिया है। दुनिया के सबसे बड़े सोलर फार्म से लेकर पवन चक्कियों के विशाल खेतों तक, चीन स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में नंबर एक बन गया है। इसका उद्देश्य 2030 तक कार्बन उत्सर्जन को शिखर पर पहुँचाकर 2060 तक ‘कार्बन न्यूट्रल’ बनना है।

तकनीक का उपयोग सिर्फ ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित नहीं है। चीन के कई शहर आज ‘स्मार्ट सिटी’के रूप में उभर रहे हैं, जहाँ ट्रैफिक, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, बिजली, और कचरा प्रबंधन को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) के जरिए स्मार्ट बनाया जा रहा है। यह न सिर्फ लोगों के जीवन को सुविधाजनक बना रहा है, बल्कि पर्यावरण पर बोझ भी कम कर रहा है।

इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण और उपयोग में भी चीन तेजी से आगे बढ़ा है। टेस्ला से लेकर घरेलू कंपनियाँ जैसे BYD, चीन को ई-वाहन उद्योग का वैश्विक केंद्र बना रही हैं। इससे प्रदूषण कम करने में काफी मदद मिल रही है।

चीन की नई पीढ़ी इन बदलावों को और गति दे रही है। स्टार्टअप्स, यूनिवर्सिटी रिसर्च और सरकारी नीतियों के मेल से तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिल रहा है। युवा इंजीनियर, वैज्ञानिक और उद्यमी पर्यावरण अनुकूल तकनीकों पर काम कर रहे हैं, ताकि भविष्य की पीढ़ियाँ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में सांस ले सकें।

चीन का यह सफर दिखाता है कि कैसे एक देश तकनीक और पर्यावरण के संतुलन से विकास के नए रास्ते खोल सकता है। जहां एक ओर औद्योगिक विकास है, वहीं दूसरी ओर प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी है। यदि यह गति बनी रही, तो आने वाला समय चीन ही नहीं, पूरी दुनिया के लिए हरे-भरे और उज्ज्वल भविष्य की राह तैयार करेगा।  

(दिव्या पाण्डेय – चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़े- बंगाल सहित इन राज्यों में कब होंगे चुनाव? ECI आज करेगा तारीखों का ऐलान

Exit mobile version