Site icon Dainik Savera Times

China ने Covid Policy के आलोचकों के Social Media पर खाते किए बंद

बीजिंगः कोविड-19 को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना करने वाले 1,000 से ज्यादा आलोचकों के सोशल मीडिया खाते चीन ने निलंबित या बंद कर दिये हैं। ‘सिना वेईबो’ (चीन में ट्विटर जैसा मंच) का कहना है कि उसने विशेषज्ञों, बुद्धिजीवियों और स्वास्थ्यकर्मियों पर हमलों सहित 12,854 उल्लंघनों का निपटारा किया है और 1,120 खातों को अस्थाई या स्थाई रूप से प्रतिबंधित कर दिया है।

गौरतलब है कि सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी अपनी कठोर पाबंदियों, पृथकवास के नियमों और बड़े पैमाने पर जांच को चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों की राय के आधार पर सही ठहराती रही थी, लेकिन पिछले महीने सरकार ने अचानक कोविड से जुड़ी सभी पाबंदियों में ढील दे दी, जिसके कारण फिर से संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं।

चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी प्रत्यक्ष आलोचना की अनुमति नहीं देती है, और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कड़ी पाबंदियां लगाती है। वेईबो ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा था कि कंपनी ‘‘जांच जारी रखेगी और हर तरह की अवैध सामग्री आदि को हटाएगी और ज्यादातर उपयोगकर्ताओं के लिए सौहार्दपूर्ण वातावरण तैयार करेगी।’’

 

 

Exit mobile version