Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन-वियतनाम कूटनीति, रक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी “3+3” रणनीतिक संवाद तंत्र की पहली मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित

March 17, 2026

चीन-वियतनाम कूटनीति, रक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी “3+3” रणनीतिक संवाद तंत्र की पहली मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित

China-Vietnam diplomacy: चीन और वियतनाम के बीच कूटनीति, रक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा पर “3+3” रणनीतिक संवाद तंत्र की पहली मंत्रिस्तरीय बैठक 16 मार्च को हनोई में आयोजित हुई।

दोनों पक्षों ने “विकास और सुरक्षा का समन्वय करने, समाजवादी मार्ग का अनुसरण करने और साथ मिलकर चुनौतियों का सामना करने ” के विषय पर बदलती अंतरराष्ट्रीय स्थिति और राजनीतिक सुरक्षा बनाए रखने तथा रक्षा और कानून प्रवर्तन सहयोग करने जैसे मुद्दों पर गहन रूप से विचार-विमर्श किया और दोनों पक्ष व्यापक सहमति पर पहुंचे।

चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि पिछले साल चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने वियतनाम की राजकीय यात्रा की और वियतनामी नेताओं के साथ “3+3” रणनीतिक संवाद तंत्र की मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित करने पर एक महत्वपूर्ण सहमति पर पहुंचे। यह तंत्र वैश्विक स्तर पर दोनों पक्षों द्वारा शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण रणनीतिक संचार मंच है और रणनीतिक महत्व की एक बड़ी पहल है। इसका उद्देश्य राजनीतिक प्रणालियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रणनीतिक सहयोग को गहरा करना है, जो दोनों पार्टियों और देशों के बीच संबंधों के उच्च स्तरीय और रणनीतिक स्वरूप को पूरी तरह से प्रदर्शित करता है।

वांग यी ने कहा कि दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों को बहुपक्षीय मंचों पर घनिष्ठ समन्वय और सहयोग करना चाहिए, एक-दूसरे की प्रमुख पहलों और विचारों का समर्थन करना चाहिए। साथ ही राजनयिक निर्णयों और अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर रणनीतिक संचार करना चाहिए। वहीं चीन-आसियान, लांकांग-मेकोंग सहयोग और ब्रिक्स जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग मजबूत करना चाहिए, समुद्री मुद्दों को उचित रूप से संभालना चाहिए और अपने-अपने राष्ट्रीय विकास के लिए अधिक अनुकूल अंतरराष्ट्रीय वातावरण बनाना चाहिए।

वियतनाम ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्थिति तेजी से बदल रही है और तेजी से अप्रत्याशित होती जा रही है, जिससे दोनों पार्टियों और देशों के लिए सामान्य चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुटता और सहयोग को मजबूत करना विशेष रूप से जरूरी हो गया है। वियतनाम ने चीन के साथ संबंधों को सुदृढ़ और विकसित करना हमेशा से अपनी विदेश नीति की सर्वोच्च प्राथमिकता और रणनीतिक विकल्प माना है। वियतनाम एक-चीन नीति का दृढ़तापूर्वक पालन करता है और चीन के मूल हितों से जुड़े मुद्दों पर दृढ़ समर्थन प्रदान करता है। वियतनाम चीन के साथ मिलकर दोनों देशों के बीच सर्वांगीण सहयोग के साझेदार संबंधों को उच्च स्तर पर ले जाना चाहता है।

(वनिता)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें