Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन में प्राइमरी हेल्थ केयर डिलीवरी सिस्टम को मजबूत करने के लिए बन रही है योजना

April 21, 2026

चीन में प्राइमरी हेल्थ केयर डिलीवरी सिस्टम को मजबूत करने के लिए बन रही है योजना

चीन एक बड़ी जनसंख्या वाला देश है, इसके बावजूद चीन में आम लोगों को अच्छी और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। हालांकि इसमें सुधार की गुंजाइश नजर आती है, खासतौर पर शहरी और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर में अंतर दिखता है। इसके मद्देनजर चीन एक ऐसा हेल्थकेयर डिलीवरी सिस्टम बनाने में तेज़ी लाने की योजना बना रहा है, जिसका फोकस उच्च रक्तचाप और डायबिटीज़ जैसी आम और पुरानी बीमारियों को मैनेज करने के लिए प्राथमिक स्तर की मेडिकल क्षमता को मज़बूत करने पर होगा।

इस कदम की जानकारी पिछले दिनों चीनी राज्य परिषद के जनरल कार्यालय द्वारा जारी एक दस्तावेज़ में दी गई, जिसका उद्देश्य घर के पास सुविधाजनक, उच्च गुणवत्ता वाली मेडिकल सेवाओं की नागरिकों की मांग को पूरा करना है। बताया जा रहा है कि संबंधित योजना के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर मोहल्ले में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हो, ताकि प्राथमिक स्तर की स्वास्थ्य सेवा कवरेज में मौजूद किसी तरह की कमी को खत्म किया जा सके। इससे पता चलता है कि विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश चीन लगातार देश की स्वास्थ्य सुविधाओं का स्तर सुधारने पर ध्यान दे रहा है।

बता दें कि आम तौर पर चीन में तीन श्रेणी के अस्पताल मौजूद हैं। इस नई योजना में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि सेकेंडरी स्तर के हॉस्पिटल, आम बीमारियों का इलाज करने की अपनी क्षमता को मज़बूत करेंगे, साथ ही पुनर्वास, नर्सिंग, देखभाल और इंटीग्रेटेड मेडिकल के साथ-साथ बुज़ुर्गों की देखभाल जैसी सेवाओं का स्तर भी बढ़ाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के उप निदेशक चंग च के अनुसार वर्तमान में चीन में 1.1 मिलियन से ज़्यादा स्वास्थ्य संस्थान हैं, और 90 फीसदी से अधिक लोग महज 15 मिनट के अंदर सबसे पास के मेडिकल सेवा प्रदाता के पास पहुंच सकते हैं।

बताया जाता है कि वर्ष 2025 तक पूरे चीन में प्राथमिक स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीज़ों की संख्या 5.56 अरब तक पहुंच गई, जो कि कुल विजिट का 52.6 प्रतिशत है। इससे पता चलता है कि चीन में बीमार लोग बड़ी आसानी से अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच सकते हैं। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थान अब बुजुर्गों, बच्चों और पुरानी बीमारियों वाले मरीज़ों जैसे खास समूहों को हर साल 1 अरब से ज़्यादा बार सर्विस प्रदान करते हैं। वहीं देश में पिछले कुछ वर्षों से इस दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। सिर्फ साल 2025 में ही 3,70,000 से ज्यादा होम हॉस्पिटल बेड तैयार किए गए, जबकि पुरानी बीमारी वाले मरीजों के लिए 190 मिलियन लंबे समय के लिए प्रिस्क्रिप्शन भी जारी किए गए।

इस तरह लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जारी है, क्योंकि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी और सरकार अपने नागरिकों को अच्छा स्वास्थ्य बनाने के लिए प्रेरित कर रही है। सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लोग बखूबी उठा रहे हैं। जाहिर है कि सरकार के प्रयासों के चलते आम लोग  अपने स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक हो गए हैं।  

(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें