Site icon Dainik Savera Times

चीन की कोयला खदान में हुआ भयानक गैस विस्फोट, 82 मजदूरों की मौत, कई लापता

China coal mine gas explosion

इंटरनेशनल डेस्कः चीन के उत्तरी हिस्से में स्थित शांक्सी प्रांत की ‘लियुशेनयु’ कोयला खदान में शुक्रवार देर रात भयानक गैस विस्फोट हुआ। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 82 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 9 मजदूर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।

हादसे के समय खदान में थे 247 मजदूर
चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, यह दुर्घटना किनयुआन काउंटी की लियुशेनयु कोयला खदान में हुई। उस समय खदान के अंदर कुल 247 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि कई मजदूर अंदर ही फंस गए। हालांकि, बचाव दल ने 200 से ज्यादा मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गैस विस्फोट बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खदान के अंदर गैस जमा होने के कारण यह बड़ा धमाका हुआ। विस्फोट के बाद खदान में धुआं और जहरीली गैस फैल गई, जिससे बचाव कार्य में भी मुश्किलें आईं। राहत टीमें लगातार लापता मजदूरों की तलाश में जुटी हुई हैं।

राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने दिए सख्त निर्देश
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में कोई कमी न छोड़ी जाए और बचाव अभियान पूरी ताकत के साथ चलाया जाए। साथ ही, उन्होंने हादसे की गहराई से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

कंपनी के अधिकारियों को हिरासत में लिया गया
सरकारी मीडिया शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, खदान का संचालन करने वाली कंपनी के कई अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआत में केवल 8 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या अचानक बढ़कर 82 हो गई। हालांकि, प्रशासन ने इस बढ़ोतरी का स्पष्ट कारण नहीं बताया है।

इससे पहले भी हुआ है हादसा
चीन में कोयला खदानों में हादसे पहले भी होते रहे हैं। सुरक्षा नियमों के बावजूद कई जगहों पर लापरवाही और खराब व्यवस्था के कारण ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं। इस घटना ने एक बार फिर खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Exit mobile version