Site icon Dainik Savera Times

लुसाका:ज़ाम्बिया में चीन की खाद्य सहायता परियोजना का हस्तांतरण समारोह आयोजित

China's food aid project

China's food aid project

China’s food aid project : लुसाका के स्थानीय समयानुसार, 20 अक्तूबर को, चीन सरकार और संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम द्वारा जाम्बिया को प्रदान की गई 35 लाख अमेरिकी डॉलर की खाद्य सहायता परियोजना  का हस्तांतरण समारोह इस देश की राजधानी लुसाका में आयोजित किया गया।

समारोह में, जाम्बिया में चीनी राजदूत हान चिंग ने कहा कि चीन और ज़ाम्बिया के बीच पारंपरिक मित्रता रही है। चीन सरकार लंबे समय से विभिन्न तरीकों से ज़ाम्बिया के विकास में सहयोग करती रही है। यह खाद्य सहायता परियोजना चीन, जाम्बिया और यूएन विश्व खाद्य कार्यक्रम द्वारा संयुक्त रूप से कार्यान्वित की जा रही है। यह वैश्विक विकास पहलों के कार्यान्वयन में चीन की ठोस कार्रवाई को दर्शाती है, संयुक्त राष्ट्र के ढांचे में चीन की रचनात्मक भूमिका को प्रतिबिंबित करती है, और चीन-ज़ाम्बिया व्यापक रणनीतिक सहयोग साझेदारी को और मज़बूत करेगी।

वहीं, जाम्बिया की उप राष्ट्रपति मुताले नालुमांगो ने जाम्बिया को दिए गए समर्थन के लिए चीन सरकार और विश्व खाद्य कार्यक्रम का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहायता जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में विकासशील देशों की मदद करने में चीन की मजबूत कार्रवाई को दर्शाती है। खाद्य सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा है। सूखे ने ज़ाम्बिया पर गंभीर और दीर्घकालिक प्रभाव डाला है। यह सहायता बहुत समयोचित है। ज़ाम्बिया सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि ख़रीदा गया भोजन वास्तविक ज़रूरतमंद लोगों तक पहुँचाया जाए।

बताया गया है कि यह खाद्य सहायता चीन सरकार द्वारा वैश्विक विकास और दक्षिण-दक्षिण सहयोग कोष के अंतर्गत संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम को दी गई थी, जिसका इस्तेमाल लगभग 5,641 टन मकई का आटा खरीदने में किया जाएगा, ताकि जाम्बिया के दक्षिणी और पश्चिमी प्रांतों में सूखे से प्रभावित जरूरतमंद लोगों को खाद्य सहायता प्रदान की जा सके। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) 

Exit mobile version