Site icon Dainik Savera Times

मध्य-पूर्व मुद्दों के लिए चीन के विशेष दूत ने अंतर्राष्ट्रीय मानवीय सम्मेलन में लिया भाग

मध्य-पूर्व मुद्दों के लिए चीनी सरकार के विशेष दूत चाई च्युन ने 9 नवंबर को पेरिस में गाजा नागरिकों के समर्थन पर अंतर्राष्ट्रीय मानवीय सम्मेलन में भाग लिया। इस सम्मेलन में फ्रांस, फिलिस्तीन और अन्य देशों के नेताओं या प्रतिनिधियों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ जैसे अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों के प्रमुख भी शामिल थे।

अपने भाषण में, चाई च्युन ने फिलिस्तीन और इज़राइल के बीच महीने भर चले संघर्ष पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में कई नागरिक हताहत हुए हैं और गंभीर मानवीय संकट पैदा हुआ है। चीन इस स्थिति पर गहरा खेद व्यक्त करता है और नागरिकों को नुकसान पहुंचाने वाली और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करने वाली किसी भी कार्रवाई का दृढ़ता से विरोध करता है।

चाई च्युन ने इस बात पर जोर दिया कि चीन संघर्ष को कम करने और शांति बहाल करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है। देश उन पहलों का स्वागत करता है जो नागरिकों की सुरक्षा करती हैं और मानवीय संकटों को कम करती हैं। चीन ने फिलिस्तीनी लोगों के वैध राष्ट्रीय अधिकारों को बहाल करने के उचित मुद्दे का लगातार समर्थन किया है। यह फिलिस्तीन और इज़राइल के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की ईमानदारी से आशा करता है और लंबे समय से शांति और बातचीत का सक्रिय समर्थक रहा है। 

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version