Site icon Dainik Savera Times

China के राष्ट्रपति Xi Jinping ने विनाशकारी बाढ़ के प्रभावों से निपटने के लिए कदम उठाने का दिया निर्देश

बीजिंगः चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने इस साल आई विनाशकारी बाढ़ के दुष्प्रभावों से शीघ्र निपटने और आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। चीन में बाढ़ के कारण अनेक लोगों की मौत हो गई। बीजिंग और इसके आसपास के इलाकों समेत विभिन्न हिस्सों में फसलों, घरों और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान हुआ है।
सरकारी मीडिया के अनुसार कम से कम 90 नदियों में जलस्तर चेतावनी के स्तर से ऊपर बह रहा हैं और 24 नदियां पहले से ही उफान पर हैं। साथ ही देश के उत्तर-पूर्व में बड़े हिस्से में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इनमें राजधानी बीजिंग के उत्तर में पड़ने वाला सोंगलियो बेसिन भी शामिल है, जहां लगभग 10 करोड़ लोग रहते हैं।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति चिनफिंग की अध्यक्षता में पोलितब्यूरो की स्थायी समिति की बैठक हुई, जिसके बारे में जानकारी देते हुए समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा कि बैठक में भाग लेने वालों ने संबंधित क्षेत्रों और विभागों को लोगों के जीवन तथा संपत्ति को प्राथमिकता देने और बाढ़ की रोकथाम व राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। चीन में जुलाई में आई बाढ़ में 142 लोगों की मौत हो गई थी। इस महीने भी बाढ़ के चलते दर्जनों लोगों की मौत हुई है।
Exit mobile version