Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

“बेल्ट एंड रोड” सम्मेलन में चीनी उप प्रधानमंत्री तिंग श्वेश्यांग ने सर्बिया, उज्बेकिस्तान और ईरान के नेताओं से मुलाकात की

June 11, 2025

“बेल्ट एंड रोड” सम्मेलन में चीनी उप प्रधानमंत्री तिंग श्वेश्यांग ने सर्बिया, उज्बेकिस्तान और ईरान के नेताओं से मुलाकात की

इंटरनेशनल डेस्क: 10 जून की दोपहर को चीन के सछ्वान प्रांत के छंगतु शहर में आयोजित दूसरे “बेल्ट एंड रोड” विज्ञान और प्रौद्योगिकी विनिमय सम्मेलन के दौरान, चीनी उप प्रधानमंत्री तिंग श्वेश्यांग ने विभिन्न देशों के उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने सर्बिया गणराज्य की राष्ट्रीय असेंबली की उपाध्यक्ष मरीना रागुस, उज्बेकिस्तान के प्रथम उप प्रधानमंत्री रमातोव अचिलबे जुमानियाज़ोविच और ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ़ से अलग-अलग बैठकें कीं, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

सर्बिया गणराज्य की राष्ट्रीय असेंबली की उपाध्यक्ष मरीना रागुस के साथ मुलाकात के दौरान, तिंग श्वेश्यांग ने इस बात पर जोर दिया कि चीन और सर्बिया के बीच मैत्री लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के नेताओं ने कई अवसरों पर बैठकें की हैं और द्विपक्षीय संबंधों के विकास की दिशा तय की है। चीन सर्बिया के साथ मिलकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा प्राप्त महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने, एक-दूसरे की प्रमुख चिंताओं और मूल हितों का समर्थन करने, “बेल्ट एंड रोड पहल” के संयुक्त निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाले सहयोग को गहरा करने और वैज्ञानिक एवं तकनीकी नवाचार में सहयोग को द्विपक्षीय संबंधों में एक नया विकास बिंदु बनाने को तैयार है। इसका उद्देश्य नए युग में चीन और सर्बिया के बीच साझे भाग्य वाले समुदाय के निर्माण में और अधिक उपलब्धियों को बढ़ावा देना है।

रागुस ने जवाब में कहा कि सर्बिया दोनों देशों के बीच दृढ़ मित्रता को अत्यधिक महत्व देता है, एक-चीन सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है, और सर्बिया तथा चीन के लिए साझा भाग्य वाले समुदाय का निर्माण करने हेतु अर्थव्यवस्था, व्यापार, निवेश और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में चीन के साथ व्यावहारिक सहयोग को मजबूत करने के लिए तैयार है।

वहीं, रमातोव के साथ बैठक में, तिंग श्वेश्यांग ने बताया कि दोनों देशों के नेताओं ने चीन-उज्बेकिस्तान संबंधों को नए युग में सर्वव्यापी व्यापक रणनीतिक साझेदारी में उन्नत करने पर सहमति व्यक्त की है, जिससे द्विपक्षीय संबंधों का विकास एक नए चरण में प्रवेश कर गया है। उन्होंने आगे कहा कि चीन उज्बेकिस्तान के साथ राजनीतिक आपसी विश्वास और पारंपरिक मित्रता को और मजबूत करना चाहता है, विकास रणनीतियों के संरेखण को गहरा करना चाहता है, और “बेल्ट एंड रोड पहल” के उच्च

गुणवत्ता वाले संयुक्त निर्माण के ढांचे के तहत कनेक्टिविटी, आर्थिक एवं व्यापार, वैज्ञानिक एवं तकनीकी नवाचार आदि क्षेत्रों में गहन और व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देना चाहता है। रमातोव ने दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा प्राप्त रणनीतिक सहमति को उज्बेकिस्तान और चीन के बीच व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने और दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के निरंतर विकास को आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शक के रूप में लेने की इच्छा व्यक्त की।

उधर, ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ़ से मुलाकात के दौरान, तिंग श्वेश्यांग ने कहा कि ईरान एक ऐसा देश है जिसका क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण प्रभाव है तथा चीन और ईरान अच्छे मित्र और साझेदार हैं। चीन ईरान के साथ मिलकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा प्राप्त महत्वपूर्ण सहमति के अनुसार चीन-ईरान व्यापक सहयोग योजना का कार्यान्वयन करना, साथ मिलकर “बेल्ट एंड रोड” के उच्च गुणवत्ता वाले संयुक्त निर्माण को बढ़ावा देना, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में सहयोग की क्षमता का और अधिक दोहन करना, चीन-ईरान व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अर्थ को लगातार समृद्ध करना और दोनों देशों की जनता को और अधिक ठोस लाभ पहुंचाना चाहता है।

जवाब में आरिफ़ ने कहा कि ईरान और चीन के बीच दोस्ती दीर्घकालिक और मजबूत है। ईरान, ईरान-चीन संबंधों के विकास को बहुत महत्व देता है और व्यापक सहयोग योजना के कार्यान्वयन को बढ़ावा देने तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग में नई प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए चीन के साथ काम करने को तैयार है।

(साभार-चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

ये भी पढ़ें- पड़ोसी देश पाकिस्तान में लगे तेज भूकंप के झटके, घरों से बाहर निकल भागे लोग, जानें कितनी रही तीव्रता 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें