चीन के महानगर शांगहाई में आयोजित 8वें चीन अंतर्राष्ट्रीय आयात एक्सपो (CIIE) ने इस बार भी अपने भविष्यवादी प्रदर्शनों से दुनिया का ध्यान खींचा है। रोबोटिक्स से लेकर अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक और ऊर्ध्वाधर उड़ान-लैंडिंग करने वाले “एयर शटल” तक, हर कोना नवाचार की चमक से भरा है। हनीवेल ग्रेटर चाइना के अध्यक्ष यू फ़ंग, जो एक्सपो में नियमित रूप से भाग लेते हैं, ने इन प्रदर्शनों को देखकर कहा, “यह वाकई ‘चिंगारियों’ से भरी जगह है।”
इस वर्ष के CIIE में कुल 461 नए उत्पादों, तकनीकों और सेवाओं का प्रदर्शन किया गया, जबकि अब तक के सात एक्सपो में ऐसी “नई उपलब्धियों” की संख्या तीन हज़ार से अधिक हो चुकी है। यह इस बात का प्रमाण है कि चीनी बाज़ार अब वैश्विक नवाचार के लिए एक प्रयोगशाला, लाभ केंद्र और अनुप्रयोग क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुका है। इसका एक बेहतरीन उदाहरण अमेरिकी जीई हेल्थकेयर का स्पाइनल सर्जरी रोबोट है, जो सब-मिलीमीटर स्तर की सटीकता के साथ काम करता है और वैश्विक स्तर पर पहली बार पेश किया गया।
हाल ही में आयोजित 20वीं सीपीसी केंद्रीय समिति के चौथे पूर्ण अधिवेशन में “उच्च गुणवत्ता वाले विकास में उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त करना” को 15वीं पंचवर्षीय योजना का मुख्य लक्ष्य बताया गया। इसमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता को तेज़ करने और वास्तविक अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने की बात कही गई है। इन प्रयासों ने विदेशी कंपनियों को चीन में नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया है। इसका असर CIIE में स्पष्ट दिखाई दिया। अमेरिकी कंपनी हर्बालाइफ़ ने अपने खेल पोषण उत्पादों को तीन बार प्रदर्शित करने के बाद अब स्थानीय उत्पादन शुरू कर दिया है। वहीं, बायर ने शांगहाई में एक जीवन विज्ञान सह-निर्माण मंच की स्थापना की है, जिसका लक्ष्य 15 नई कंपनियों को इनक्यूबेट करना है। बायर के अनुसार, “चीनी बाज़ार वैश्विक नवाचार के लिए सबसे उपजाऊ ज़मीन है।”
चीन का विशाल उपभोक्ता वर्ग और विविध औद्योगिक परिदृश्य विदेशी कंपनियों के लिए प्रयोग और नवाचार का अनोखा अवसर प्रदान करते हैं। उपभोक्ता स्तर पर, चीनी ग्राहकों की अग्रणी सोच वैश्विक उत्पाद विकास की दिशा तय कर रही है। जैसा कि कई कंपनियों ने कहा, “यदि आप चीनी उपभोक्ताओं को संतुष्ट कर सकते हैं, तो आप दुनिया के अधिकांश उपभोक्ताओं की ज़रूरतें पूरी कर सकते हैं।” औद्योगिक स्तर पर, जीवन विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अन्य उभरते क्षेत्रों में चीन ने एक विशाल परिदृश्य-आधारित नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया है। ज़ीस ने यांग्त्ज़ी और पर्ल नदी डेल्टा क्षेत्रों में अपना नवाचार नेटवर्क विकसित किया है, जबकि लॉरियल का फुडोंग आरएंडडी (अनुसंधान एवं विकास) केंद्र “स्थानीयकृत खुले नवाचार” का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है।
विदेशी कंपनियां अब केवल लागत या उत्पादन लाभ के लिए चीन की ओर नहीं देख रहीं, बल्कि औद्योगिक सहयोग और नवाचार लाभांश को साझा करने की दिशा में बढ़ रही हैं। पीडब्ल्यूसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 60% बहुराष्ट्रीय कंपनियां मानती हैं कि चीन का नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र उनकी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाता है। अमेरिका की टेपेस्ट्री ग्रुप ने घोषणा की है कि वह चीन में अपने कारोबार को दोगुना करेगी और चीन में अर्जित अनुभव को वैश्विक स्तर पर लागू करेगी। इन सभी प्रयासों का साझा संदेश यही है कि CIIE में प्रस्तुत हर नया उत्पाद विदेशी कंपनियों और चीन के बीच बढ़ते द्विपक्षीय सहयोग का प्रतीक है। चीन में जड़ें जमाना अब सिर्फ़ स्थानीय बाज़ार को नहीं, बल्कि वैश्विक अवसरों को भी अपनाना है।
ये भी पढ़ें- Daily Horoscope: किसके हाथ लगेगी सफलता तो कौन होगा निराश? जानें आज का राशिफल
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)