Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

“पेइचिंग से रोम तक”: इटली में सीएमजी की विशेष कला प्रदर्शनी का होगा आयोजन

June 19, 2025

“पेइचिंग से रोम तक”: इटली में सीएमजी की विशेष कला प्रदर्शनी का होगा आयोजन

चीन और इटली के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 55वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में, चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) ने 19 जून को पेइचिंग में “पेइचिंग से रोम तक” लोगों के बीच आदान-प्रदान कार्यक्रम और विशेष कला प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर, सीएमजी के महानिदेशक शन हाईश्योंग, चीन में इटली के राजदूत मासिमो एम्ब्रोसेट्टी, चीनी राष्ट्रीय कला संग्रहालय के निदेशक वू वेइशान, तथा अन्य गणमान्य अतिथियों, विशेष रूप से नियुक्त कलाकारों और अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के प्रतिनिधि उत्तराधिकारियों ने संयुक्त रूप से विशेष प्रदर्शनी का अनावरण किया।

इस मौके पर, अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाख ने एक बधाई पत्र भेजा, जिसमें उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सीएमजी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम चीन और इटली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक साथ लाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल शीतकालीन ओलंपिक के मेजबान के रूप में दोनों देशों की सभ्यता के लंबे इतिहास और शानदार कलात्मक उपलब्धियों पर प्रकाश डालती है। बाख ने यह भी उल्लेख किया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सभ्यताओं के बीच आदान-प्रदान और आपसी सीख को बढ़ावा देना तथा सभी देशों के लोगों के बीच आपसी समझ और मित्रता को बढ़ाना है।

पेइचिंग में आयोजित कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में बोलते हुए, सीएमजी की संपादकीय बैठक के सदस्य श्वे चीच्युन ने कहा कि चाइना मीडिया ग्रुप हमेशा चीन-इटली मैत्रीपूर्ण सहयोग को मजबूत करने, पूर्वी और पश्चिमी सभ्यताओं के बीच आपसी सीख को बढ़ावा देने तथा मानव जाति के साझे भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि इटली के मिलान शहर में होने वाले 2026 शीतकालीन ओलंपिक के लिए, सीएमजी कवरेज हेतु अभूतपूर्व रूप से एक बड़ी रिपोर्टिंग टीम भेजेगा, और विश्व-स्तरीय उत्पादन व प्रसारण स्तर के साथ, पेइचिंग से मिलान तक बर्फ और हिमपात का शानदार अध्याय लिखना जारी रखेगा।

इस बीच, चीन में इटली के राजदूत मासिमो एम्ब्रोसेट्टी ने अपने भाषण में विश्वास व्यक्त किया कि यह विशेष कला प्रदर्शनी दोनों पक्षों के बीच विचारों, अनुभवों और दृष्टिकोणों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी, जिससे संयुक्त रूप से एक अधिक खुले, सामंजस्यपूर्ण और विविधतापूर्ण विश्व का निर्माण होगा। यह विशेष कला प्रदर्शनी बेहद खास है, क्योंकि इसमें 65 विशेष रूप से नियुक्त कलाकारों और अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के 50 प्रतिनिधि उत्तराधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। उनकी 200 से अधिक बेहतरीन कृतियाँ इटली के लोगों के समक्ष प्रस्तुत की जाएंगी। यह विशेष प्रदर्शनी जून 2025 के अंत में इटली के लिन्सी राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी में आयोजित की जाएगी, जो पेइचिंग से रोम तक एक अद्वितीय कलात्मक संवाद यात्रा की शुरुआत करेगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें