Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में 5 साल के बच्चे को हिरासत में लेने पर मचा बवाल, कमला हैरिस बोलीं- यह एक बच्चा है…

detention of a 5-year-old child in US

detention of a 5-year-old child in US

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के मिनेसोटा राज्य से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मानवाधिकारों और इमिग्रेशन सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक प्री-स्कूल से घर लौट रहे महज़ 5 साल के बच्चे को उसके पिता के साथ फेडरल एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब बच्चा स्कूल से निकलकर अपने पिता के साथ घर जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोलंबिया हाइट्स इलाके की है, जहां फेडरल एजेंटों ने बच्चे और उसके पिता को पकड़कर टेक्सास के एक डिटेंशन सेंटर भेज दिया। बच्चा उन चार नाबालिगों में शामिल है जिन्हें इस कार्रवाई के दौरान कस्टडी में लिया गया, जिनमें दो 17 वर्षीय किशोर और एक 10 साल का बच्चा भी शामिल है।

भारी हथियारों के बीच मासूम की तस्वीरें वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों ने लोगों को झकझोर दिया है। तस्वीरों में हथियारों से लैस फेडरल एजेंट एक छोटे बच्चे को अपने साथ ले जाते दिख रहे हैं। बच्चे ने नीली टोपी पहन रखी है और उसके कंधे पर स्पाइडर-मैन का स्कूल बैग लटका हुआ है। इन तस्वीरों के सामने आते ही लोगों में गुस्सा और दुख दोनों देखने को मिला।

परिवार के वकील मार्क प्रोकोश ने बताया कि बच्चा और उसके पिता अमेरिका में कानूनी रूप से रिफ्यूजी एप्लीकेंट के तौर पर रह रहे थे। इसके बावजूद उन्हें हिरासत में लेना कानून और इंसानियत दोनों पर सवाल खड़े करता है।

स्कूल अधिकारियों का आरोप: बच्चे को ‘चारा’ बनाया गया

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब ICE एजेंट बच्चे के पिता को ले जा रहे थे, तब बच्चा यह सब अपनी आंखों के सामने देख रहा था। आरोप है कि एजेंटों ने बच्चे का इस्तेमाल उसकी मां को घर से बाहर बुलाने के लिए किया। यह दावा सामने आने के बाद मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया।

“यह किसी अपराधी के साथ नहीं, एक बच्चे के साथ हुआ”

कोलंबिया हाइट्स स्कूल बोर्ड की प्रेसिडेंट मैरी ग्रैनलंड ने कहा कि बच्चे के पिता ने अपनी पत्नी से घर के अंदर ही रहने को कहा था ताकि वह गिरफ्तारी से बच सकें। स्कूल स्टाफ, पड़ोसियों और परिवार के अन्य सदस्यों ने बच्चे को अपने साथ रखने की पेशकश भी की, लेकिन फेडरल एजेंटों ने साफ इनकार कर दिया।

स्कूल डिस्ट्रिक्ट की सुपरिटेंडेंट ज़िना स्टैनविक ने इस कार्रवाई की तुलना “एक बच्चे को पिंजरे में बंद करने” से की। उन्होंने एजेंटों से सवाल किया कि आखिर 5 साल के बच्चे को हिरासत में लेने की जरूरत क्यों पड़ी। उनका कहना था,
“आप यह साबित नहीं कर सकते कि यह बच्चा कोई हिंसक अपराधी है।”

ये भी पढ़ें: PM मोदी ने केरल को दी बड़ी सौगात, 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

कमला हैरिस की प्रतिक्रिया

इस मामले पर अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा,“यह कोई अपराधी नहीं, एक बच्चा है। ऐसी घटनाएं हमारे मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं के खिलाफ हैं।”

ये भी पढ़ें: जालंधर पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़, एक घायल, कॉलेज प्रधानगी विवाद में था फरार

देशभर में उठे सवाल

घटना के बाद अमेरिका में इमिग्रेशन नीतियों और बच्चों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर बहस तेज हो गई है। मानवाधिकार संगठनों ने इस कार्रवाई की जांच की मांग की है और इसे अमानवीय बताया है।

Exit mobile version