सुरिन: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच यह अस्पष्टता रही कि क्या दोनों देशों के बीच संघर्षविराम सच में लागू हो पाया है या नहीं, क्योंकि एक दिन पहले ही दोनों देशों के नेताओं ने मलेशिया में एक बैठक कर संघर्ष रोकने पर सहमति जताई थी। थाईलैंड की सेना ने दावा किया कि कंबोडिया ने मध्य रात्रि को संघर्ष विराम लागू होने के बाद कई क्षेत्रों में हमले किए जबकि कंबोडिया ने कहा कि किसी भी स्थान पर गोलीबारी नहीं की गई है।
कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई ने दोनों देशों की सीमा पर 5 दिन से जारी संघर्ष के बाद सोमवार को ‘तत्काल और बिना शर्त’ संघर्ष-विराम करने पर सहमति जताई थी। संघर्ष में कई लोगों की मौत हो गई और हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। सीमावर्ती इलाकों में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि लड़ाई जारी है या नहीं, लेकिन कुछ जगहों पर शांति देखने को मिली तथा विस्थापित हुए कुछ परिवार अपने घरों की ओर लौटते हुए भी नजर आए।

