Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईरान पर हमले की अटकलों के बीच ट्रंप के बदले सुर, ईरानी नेतृत्व को कहा ‘Thank you ’

January 17, 2026

ईरान पर हमले की अटकलों के बीच ट्रंप के बदले सुर, ईरानी नेतृत्व को कहा ‘Thank you ’

Donald Trump on Iran: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की चर्चाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान अंतरराष्ट्रीय राजनीति में सुर्खियों में आ गया है। जहां एक ओर लगातार यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि अमेरिका किसी भी वक्त ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर सकता है, वहीं दूसरी ओर ट्रंप ने एक अप्रत्याशित कदम उठाते हुए ईरानी सरकार का आभार जताया है।

दरअसल, ट्रंप ने दावा किया कि ईरान में सैकड़ों राजनीतिक कैदियों को दी जाने वाली फांसी को रोक दिया गया है। व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि ईरान ने 800 से अधिक लोगों की सजाए-मौत रद्द कर दी हैं। ट्रंप ने इसे “सम्मानजनक फैसला” बताते हुए कहा कि वह इस कदम की सराहना करते हैं।

ये भी पढ़ें- भीषण सर्दी के बीच जारी हुआ बारिश का अलर्ट, जानें पहाड़ों पर कब होगी बर्फबारी

 

सोशल मीडिया पर भी जताया आभार
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया के जरिए भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि ईरान में बड़ी संख्या में लोगों को फांसी दिए जाने की आशंका थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इसके लिए उन्होंने ईरानी नेतृत्व को “थैंक यू” कहा। ट्रंप का यह रुख ऐसे समय सामने आया है जब कुछ दिन पहले ही उन्होंने संकेत दिए थे कि अगर ईरान में विरोध प्रदर्शनों के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा होती है तो अमेरिका सैन्य हस्तक्षेप कर सकता है। फिलहाल ईरान में हालात शांत बताए जा रहे हैं।

सैन्य कार्रवाई पर अब भी सस्पेंस
जब ट्रंप से यह पूछा गया कि ईरान को लेकर अमेरिकी मदद या हस्तक्षेप को लेकर उनके पहले के बयान अब भी लागू हैं या नहीं, तो उन्होंने टालमटोल भरा जवाब दिया। ट्रंप ने कहा, “देखते हैं आगे क्या होता है।” उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके फैसलों पर किसी अरब देश या इजरायल का दबाव नहीं है। उनका कहना था, “किसी ने मुझे राजी नहीं किया, मैंने खुद फैसला लिया।”

Watch Video- भारतीय सेना ने पूंछ में लगाया मुफ़्त मेडिकल और डेंटल कैंप

हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें ईरान में फांसी रोके जाने की जानकारी किन स्रोतों से मिली, जिससे उनके दावों की पुष्टि को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। बावजूद इसके, ट्रंप का यह बयान अमेरिका-ईरान संबंधों में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ माना जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें