Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका के ओरेगॉन में आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर दर्ज की गई इतनी तीव्रता

January 16, 2026

अमेरिका के ओरेगॉन में आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर दर्ज की गई इतनी तीव्रता

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के ओरेगॉन राज्य के तटीय इलाके में गुरुवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई। राहत की बात यह रही कि अब तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के बाद नेशनल सुनामी वार्निंग सेंटर ने स्थिति पर नजर रखी, लेकिन किसी तरह का सुनामी अलर्ट जारी नहीं किया गया।

ये भी पढ़ें: पठानकोट-अमृतसर हाईवे पर बड़ा हादसा, बस और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में 12 लोग घायल

भूकंप प्रभावित इलाका पहले से संवेदनशील

जिस इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए, वह ओरेगॉन और कैलिफोर्निया की सीमा के पास स्थित है। यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। यहां समय-समय पर छोटे और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। अधिकतर मामलों में यहां आने वाले भूकंप जमीन के भीतर ही सीमित रहते हैं, इसलिए कई बार लोग इन्हें महसूस भी नहीं कर पाते। हालांकि इस बार भूकंप की तीव्रता ज्यादा होने के कारण झटके साफ तौर पर महसूस किए गए।

कास्केडिया सबडक्शन जोन में आता है क्षेत्र

यह इलाका कास्केडिया सबडक्शन जोन का हिस्सा है, जिसे दुनिया के सबसे खतरनाक भूकंप क्षेत्रों में गिना जाता है। यह जोन उत्तरी वैंकूवर द्वीप से लेकर उत्तरी कैलिफोर्निया तक फैला हुआ है। इससे पहले सितंबर 2025 में भी ओरेगॉन में भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। इतिहास पर नजर डालें तो साल 1700 में इसी क्षेत्र में 9.0 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसके बाद भीषण सुनामी ने तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई थी।

ये भी पढ़ें: Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी चांदी की कीमतें बढ़ीं या घटी? जानें आज के Latest Rate

वैज्ञानिकों की चेतावनी

वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर भविष्य में इस क्षेत्र में फिर से इतना बड़ा भूकंप आता है और उसके साथ सुनामी उठती है, तो तटीय इलाकों में भारी नुकसान हो सकता है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें