Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Pakistan-Afghanistan में भूकंप का कहर, मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 12

March 22, 2023

Pakistan-Afghanistan में भूकंप का कहर, मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 12

इस्लामाबादः पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में मंगलवार को 6.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 160 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी हैं। अफगानिस्तान की ऑनलाइन प्रेस एजेंसी के अनुसार, अफगानिस्तान में भूकंप से 3 लोगों की जान चली गई। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में 180 किलोमीटर की गहराई में था। भारत में भूकंप के झटके राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित, देश के उत्तरी हिस्सों में भी महसूस किए गए।

विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान में भूकंप के झटके लाहौर, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, क्वेटा, पेशावर, लक्की मरवत, गुजरांवाला, गुजरात, सियालकोट, कोट मोमिन, मढ़ रांझा, चकवाल, कोहाट और गिलगित-बल्तिस्तान इलाकों में महसूस किए गए। टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज में डर के कारण लोग सड़कों पर निकलते नजर आए। पेशावर में प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने ट्वीट किया कि खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में पांच पुरुष, दो महिलाओं और दो बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई।

खबराें के अनुसार, इस्लामाबाद में एक पुरुष और एबटाबाद में 13 साल की किशोरी की मौत भूकंप आने के बाद अचानक दिल का दौरा पड़ने से हो गई। भूकंप के कारण रावलपिंडी के बाजार में भगदड़ मचने की सूचना मिली है। स्वात में 160 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जहां अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। भूकंप के झटके गिलगित-बल्तिस्तान (जीबी) के पहाड़ी क्षेत्र में भी महसूस किए गए, जिससे वहां भूस्खलन हुआ। हालांकि, तत्काल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन से यासीन घाइजर में एक पशु पालन केंद्र क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कुछ पशुओं की मौत हो गई। सूत्रों ने बताया कि भूस्खलन के कारण जीबी के दियामेर जिले की सीमा के पास कोहिस्तान के हरबन क्षेत्र में काराकोरम राजमार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे कई लोग दोनों तरफ फंसे हुए हैं। इस्लामाबाद के पड़ोसी शहर रावलपिंडी में कई इमारतों में दरारें दिखीं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने आपदा प्रबंधन अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।

खबराें के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल के निर्देश पर संघीय राजधानी के अस्पतालों में ‘आपात स्थिति’ घोषित की गई है। अफगानिस्तान के लोक स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भूकंप संबंधी घटनाओं में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हुए हैं। लोक स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अन्य प्रवक्ता शराफत जमां अमरखेल ने बताया कि सभी चिकित्सकीय केंद्रों के प्रमुखों को भूकंप संबंधी घटनाओं के हताहतों के उपचार के लिए कर्मचारियों को तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय भूकंप केंद्र के मुताबिक, पाकिस्तान के अलावा भारत, अफगानिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन और किíगस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। पाकिस्तान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। इस साल जनवरी में इस्लामाबाद में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था। ज्ञत इतिहास का सबसे भीषण भूकंप देश में 2005 में आया था, जिसमें 74,000 से अधिक लोग मारे गए थे।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें