Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजरायली हमले झेल रहे लेबनान को मिस्र ने भेजी मदद, 22 टन राहत सामग्री लेकर बेरूत एयरपोर्ट पर उतरा प्लेन

October 7, 2024

इजरायली हमले झेल रहे लेबनान को मिस्र ने भेजी मदद, 22 टन राहत सामग्री लेकर बेरूत एयरपोर्ट पर उतरा प्लेन

काहिरा: इजरायली हमले झेल रहे लेबनान की मदद के लिए मिस्र ने 22 टन मानवीय सहायता भेजी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक विदेश मंत्रालय ने कहा कि मदद ले जाने वाले विमान में दवाइयां और मेडिकल सप्लाई शामिल है और यह बेरूत एयरपोर्ट पर उतर गया है। बता दें मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतहअल-सिसी ने इजरायली आक्रमण के जवाब में लेबनान और उसके लोगों को मदद देने के निर्देश दिए थे।

मंत्रालय ने जानकारी दी कि लेबनान में मिस्र के दूतावास ने इजिप्ट-एयर द्वारा संचालित एक स्पेशल फ्लाइट से 286 फंसे हुए मिस्रियों की स्वेदश वापसी में मदद की। इससे पहले लेबनानी लोगों की मदद के लिए तुर्की के नौ गैर सरकारी संगठनों ने 1,300 टन मानवीय सहायता लेबनान भेजने की घोषणा की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने हुर्रियत डेली के हवाले से बताया कि पहले चरण के दौरान एक सहायता पोत द्वारा 80 कंटेनरों में सामान लेबनान पहुंचाया जाएगा।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्हें पहले से ही शक था कि इजरायल, गाजा संघर्ष को लेबनान तक बढ़ा सकता है इसलिए उन्होंने महीनों पहले ही आपातकालीन राहत सामग्री की खरीद शुरू कर दी थी।

सदाकातासी चैरिटी एसोसिएशन के प्रमुख केमल ओजदाल ने गुरुवार को कहा, इस मानवीय सहायता जहाज के माध्यम से हमारा लक्ष्य लेबनान में लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाना है, जिसमें खाना, डिब्बाबंद सामान, गद्दे, कंबल, स्वच्छता उत्पाद, शिशु डायपर, अंडरवियर, चटाई और टेंट शामिल हैं।

बता दें इजराइल पिछले कई दिनों से लेबनान में भारी हवाई हमले कर रहा है। उसका कहना है कि इस कार्रवाई में हिजबुल्लाह के सदस्यों और ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। इसके साथ ही यहूदी राष्ट्र ने लेबनान में सीमित जमीनी सैन्य अभियान भी शुरू किया है।

इजरायली हमलों के कारण लेबनान में भारी तबाही हुई है। लेबनान में विस्थापित लोगों की कुल संख्या लगभग 12 लाख हो गई है। लेबनानी मंत्रिपरिषद की डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट यूनिट ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

अलजजीरा की शनिवार की एक रिपोर्ट के मुताबिक लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि देश भर में इजरायल के हमलों में अब तक 2,000 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिनमें 127 बच्चे और 261 महिलाएं शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें