Site icon Dainik Savera Times

COP30 सम्मेलन स्थल पर लगी आग, हजारों लोग सुरक्षित निकाले गए बाहर

इंटरनेशनल डेस्क: ब्राजील के बेलेम शहर में चल रहे संयुक्त राष्ट्र के COP30 जलवायु सम्मेलन के मुख्य आयोजन स्थल पर गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगते ही वहाँ मौजूद हजारों लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।

घटना स्थानीय समय अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे उस हिस्से में हुई जिसे ‘ब्लू ज़ोन’ कहा जाता है। यही वह जगह है जहां बैठकें, अंतरराष्ट्रीय वार्ताएं, देश-देश के पवेलियन, मीडिया सेंटर और बड़े प्रतिनिधियों के कार्यालय बने हुए हैं। आग लगने की खबर फैलते ही लोग निकास द्वारों की ओर भागने लगे और कुछ ही देर में पूरा ज़ोन खाली करा लिया गया।

ये भी पढ़ें: वियतनाम में भारी बारिश का कहर: बाढ़ और भूस्खलन से 41 की मौत, लाखों लोग प्रभावित

स्थल पर मौजूद संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज (UNFCCC) के सचिवालय ने तुरंत एक आपात संदेश जारी कर सभी से पूरे परिसर को खाली करने की अपील की। संदेश में कहा गया कि जोन बी में आग की घटना हुई है। कृपया तुरंत कार्यक्रम स्थल खाली करें। आगे की जानकारी जल्द दी जाएगी।

एक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन धुआँ और अन्य खतरों को देखते हुए पूरे क्षेत्र की जांच की जा रही है। इस कारण अभी किसी को भी दोबारा अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

ये भी पढ़ें: Ashes 2025: इंग्लैंड ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का लिया फैसला, कई स्टार ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज चोटिल

COP30 सम्मेलन में दुनिया के 190 से ज़्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह बड़ा अंतरराष्ट्रीय जलवायु शिखर सम्मेलन 10 नवंबर से 21 नवंबर तक ब्राजील के बेलेम शहर में आयोजित किया जा रहा है।

Exit mobile version