Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

डोमिनिकन रिपब्लिक के लग्जरी रिसॉर्ट में आग का तांडव, एक पर्यटक की मौत, 1700 को सुरक्षित निकाला बाहर

June 20, 2026

डोमिनिकन रिपब्लिक के लग्जरी रिसॉर्ट में आग का तांडव, एक पर्यटक की मौत, 1700 को सुरक्षित निकाला बाहर

इंटरनेशनल डेस्क: कैरेबियाई देश डोमिनिकन रिपब्लिक के लोकप्रिय पर्यटन स्थल बायाहिबे में स्थित एक लग्जरी बीच रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से एक इटली के पर्यटक की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, समुद्र तट पर स्थित ‘विवा विंधम डोमिनिकस बीच होटल’ में अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने होटल में ठहरे करीब 1,700 मेहमानों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इस हादसे में तीन लोगों को चोटें आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं छह अन्य लोगों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें होटल के मेहमान, आगंतुक और बचाव कार्य में शामिल कर्मचारी भी शामिल थे। आग लगने के बाद प्रशासन ने प्रभावित पर्यटकों को आसपास के अन्य होटलों में ठहराने की व्यवस्था की। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल की कुछ छतें ताड़ की लकड़ी और सूखे पत्तों जैसी ज्वलनशील सामग्री से बनी थीं। तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और कुछ ही समय में बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में समुद्र तट के ऊपर घना काला धुआं उठता दिखाई दिया। दमकल विभाग की कई टीमों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इस घटना के बावजूद अधिकारियों ने बताया कि बायाहिबे और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं और पर्यटकों की आवाजाही पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।

क्यों मशहूर है बायाहिबे?

बायाहिबे डोमिनिकन गणराज्य का एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जो अपने साफ नीले समुद्री पानी, सफेद रेत वाले समुद्र तटों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। यह क्षेत्र हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के पहले पांच महीनों में डोमिनिकन गणराज्य में लगभग 56 लाख पर्यटक पहुंचे हैं, जिससे यह कैरेबियाई क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें