Site icon Dainik Savera Times

अल्माटी में प्रथम मध्य एशियाई सिनोलॉजी सम्मेलन आयोजित

कजाकिस्तान के अल्माटी शहर में 21 मई को प्रथम मध्य एशियाई सिनोलॉजी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में चीन और मध्य एशियाई देशों के 150 से अधिक प्रतिष्ठित विशेषज्ञों और विद्वानों ने ऑनलाइन और प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मध्य एशिया में सिनोलॉजी की वर्तमान स्थिति, इसके विकास की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श करना और चीन तथा मध्य एशियाई देशों के बीच शैक्षणिक आदान-प्रदान को और अधिक मजबूत करना है।

कजाकिस्तान की संसद के ऊपरी सदन के अध्यक्ष मौलेन अशिमबायेव ने सम्मेलन के लिए भेजे अपने बधाई संदेश में चीन को मध्य एशिया का एक महत्वपूर्ण भागीदार बताया। उन्होंने कहा कि चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच सहयोग बुनियादी ढांचे, व्यापार, शिक्षा, विज्ञान और संस्कृति जैसे विविध क्षेत्रों में फैला हुआ है। इस संदर्भ में, मध्य एशिया और चीन के विशेषज्ञों तथा विद्वानों के बीच संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के लिए यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

अल्माटी में चीन के महावाणिज्यदूत च्यांग वेई ने अपने संबोधन में चीन और कजाकिस्तान को पहाड़ों और नदियों से जुड़े अच्छे पड़ोसी और साझेदार के रूप में वर्णित किया। उन्होंने सांस्कृतिक सहयोग को दोनों देशों के संबंधों में अग्रणी क्षेत्र बताया। च्यांग वेई ने मध्य एशियाई सिनोलॉजी अनुसंधान के लिए पहले से मौजूद मजबूत राजनीतिक आधार का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि आगामी द्वितीय चीन-मध्य एशिया शिखर सम्मेलन मध्य एशियाई सिनोलॉजी के विकास के लिए नए अवसर प्रदान करेगा।

अल्माटी सिनोलॉजिस्ट संघ की अध्यक्ष दिनारा दाओयान ने सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चीन की भाषा, संस्कृति, इतिहास, आधुनिक विकास की प्रवृत्तियां और अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में उसकी भूमिका पर व्यापक शोध मध्य एशियाई देशों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिनोलॉजी का अध्ययन न केवल चीन को बेहतर ढंग से समझने के लिए आवश्यक है, बल्कि मध्य एशिया के भविष्य के विकास की दिशा को सही रूप से निर्धारित करने में भी सहायक होगा।

यह महत्वपूर्ण सिनोलॉजी सम्मेलन कजाकिस्तान के “बेल्ट एंड रोड” विज्ञान और शिक्षा केंद्र, पेइचिंग भाषा और संस्कृति विश्वविद्यालय के विश्व सिनोलॉजी केंद्र और अल्माटी सिनोलॉजिस्ट संघ के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। 

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

ये भी पढ़ें- Himachal News: HPU सहित प्रदेश के कॉलेजों में पढ़ाई होगी महंगी, 12 साल बाद बढ़ी फीस

Exit mobile version