Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत के विदेश सचिव Vikram Misri ने शीर्ष अमेरिकी राजनयिकों से की मुलाकात 

December 24, 2024

भारत के विदेश सचिव Vikram Misri ने शीर्ष अमेरिकी राजनयिकों से की मुलाकात 

सैन फ्रांसिस्को:  भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अमेरिका यात्रा से पहले, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को अमेरिकी के शीर्ष राजनयिकों के साथ बैठक कर द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। विदेश मंत्रलय ने एक दिन पहले घोषणा की थी कि जयशंकर 24 से 29 दिसंबर तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि जयशंकर अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रमुख द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। जयशंकर की यात्रा से पहले मिस्री ने सोमवार को विदेश मंत्रलय के मुख्यालय ‘फॉगी बॉटम’ में उप विदेश मंत्री कर्ट कैंपबेल और प्रबंधन उप मंत्री रिचर्ड वर्मा के साथ बैठक की।

बैठकों में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्र भी मौजूद थे। वर्मा ने कहा, ‘‘हम आपसी विश्वास, साझा मूल्यों और सभी के लिए समृद्धि पर आधारित अमेरिका-भारत संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं। इससे पहले दिन में वर्मा ने प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ प्रख्यात भारतीय थिंक-टैंक विशेषज्ञों के एक समूह की मेजबानी की।

वर्मा ने कहा कि ये बैठकें ‘‘व्यापार, रक्षा, लोगों से लोगों के बीच संबंधों और वैश्विक चुनौतियों से मिलकर निपटने की प्रतिबद्धता पर हमारी प्रगति का जश्न मनाने के लिए’’ थीं। अमेरिका-भारत संबंधों को लेकर प्रस्तुतिकरण में वर्मा ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार जहां 2000 में 20 अरब अमेरिकी डॉलर था, यह आंकड़ा 2023 में बढक़र 195 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है, जबकि इसी अवधि के दौरान रक्षा व्यापार शून्य से बढक़र 24 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है।

उन्होंने कहा कि 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 200 अरब अमेरिकी डॉलर के आंकड़े को पार कर जाने की उम्मीद है। अमेरिका में भारतीय छात्रों की संख्या 2000 में मात्र 54,664 थी जो 2023 में बढक़र 3,30,000 से अधिक हो गई है, जबकि भारतीय प्रवासियों की आबादी जहां 2000 में 19 लाख थी, अब बढक़र 50 लाख से अधिक हो गई है।

वर्मा ने कहा कि बाइडन-हैरिस प्रशासन ने रिकॉर्ड संख्या में 130 भारतीय-अमेरिकियों को उच्च पदों पर नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि सैन्य अभ्यास के मुद्दे पर आज भारत, अमेरिका का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने कहा कि लॉस एंजिलिस और बोस्टन में दो भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलने की योजना है, जबकि अमेरिका बेंगलुरु और अहमदाबाद में दो नए वाणिज्य दूतावास खोलने की योजना बना रहा है।

ये भी पढ़ें: अमेरिका का भारतीयों को बड़ा झटका, H-1B Visa पर लगेगी 3 साल की रोक!

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें