Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोलसोनारो को सऊदी अरब से मिले आभूषण सरकारी बैंक में जमा करना होगा

March 23, 2023

ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोलसोनारो को सऊदी अरब से मिले आभूषण सरकारी बैंक में जमा करना होगा

साओ पाउलो : ब्राजील सरकार की एक निगरानी संस्था ने बुधवार को एक प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया जिसके अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो को 2021 में सऊदी अरब से मिले आभूषणों का एक सेट सरकारी बैंक में जमा करने के लिए पांच दिन का समय दिया गया है। निगरानी संस्था के सभी नौ सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इस प्रस्ताव के मुताबिक, बोलसोनारो को राजधानी ब्रासीलिया में सरकार के स्वामित्व वाले ‘कैक्सा इकोनॉमिका फेडरल बैंक’ को आभूषण सौंपने होंगे।

इस संस्था का कहना है कि बोलसोनारो के वकील जब प्रस्ताव की प्रति मिलने की सूचना जारी करेंगे, उसके तत्काल बाद पांच दिन के समय की शुरूआत हो जाएगी। अब तक हालांकि उन्होंने सूचना जारी नहीं की है। बताया जाता है कि सऊदी अरब से करोड़ों डॉलर की कीमत वाला आभूषणों का एक और सेट बोलसोनारो को भेजा गया था जिसे साओ पाउलो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने जब्त कर लिया था। सरकार की निगरानी संस्था ने बुधवार को अपने फैसले में बोलसोनारो के वकील फ्रेडरिक वासेफ के इस तर्क को खारिज कर दिया कि पूर्व राष्ट्रपति ने उपहार लौटा कर कुछ भी गलत नहीं किया क्योंकि ये उपहार उन्हें ‘‘निजी तौर पर’’ दिए गए थे।

गौरतलब है कि निगरानी संस्था ने इस महीने की शुरुआत में फैसला किया था कि वह ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपतियों के द्वारा उनके कार्यकाल के दौरान प्राप्त किए गए सभी उपहार को देखेगी और 2019 में कार्यभार संभालने के बाद से बोलसोनारो द्वारा प्राप्त किए गए संग्रह की भी जांच करेगी। जनवरी माह में पद छोड़ने के बाद से ही बोलसोनारो अमेरिका में रह रहे हैं। सऊदी अरब से मिले आभूषण सरकारी बैंक में जमा न करने के बारे में ब्राजील में इस माह के शुरू में खबरें आने के बाद से पुलिस उनके खिलाफ जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें