Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

जर्मनी में बड़ा हादसा… ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे, 3 की मौत, कई यात्रियों की हालत गंभीर

July 28, 2025

जर्मनी में बड़ा हादसा… ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे, 3 की मौत, कई यात्रियों की हालत गंभीर

इंटरनेशनल डेस्क: जर्मनी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बता दें कि, रिडलिंगन और मुंडेरकिंगन के बीच एक यात्री ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन में लगभग 100 लोग सफर कर रहे थे। ट्रेन सिग्मारिंगन से उल्म की ओर जा रही थी और उसे लगभग 90 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। लेकिन सीमा के नजदीक, जहां फ्रांस और स्विट्ज़रलैंड भी पास हैं, एक अनियंत्रित मोड़ पर हादसा हो गया।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस और राहत टीमें

घटना के तुरंत बाद पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। जांचकर्ताओं ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए काम शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना की सटीक वजह सामने नहीं आ सकी है, लेकिन अधिकारियों ने सभी पहलुओं की जांच का आश्वासन दिया है।

हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया घायलों को अस्पताल

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घायलों को एयर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए आसपास के मेडिकल सेंटर्स से डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को तत्काल बुलाया गया, जिससे घायलों का समय रहते इलाज हो सके।

सामने आई तस्वीरों में दिखा हादसे का मंजर

जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए द्वारा जारी की गई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह से एक-दूसरे से टकराए और पलट गए। हालांकि डिब्बों की बाहरी संरचना कुछ हद तक सुरक्षित दिखाई दे रही है, लेकिन आंतरिक क्षति और यात्री झटकों से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

डॉयचे बान ने जताया दुख

इस हादसे को लेकर जर्मनी की राष्ट्रीय रेल सेवा डॉयचे बान (Deutsche Bahn) ने गहरा दुख जताया है। अपने आधिकारिक बयान में कंपनी ने कहा, “हम इस दुर्घटना से बेहद आहत हैं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों और घायलों के साथ हैं।” साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पटरी से उतरने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन वे जांच में हरसंभव सहयोग करेंगे।

ये भी पढ़ें : सांबा में दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, कंद्राल और रामगढ़ सेक्टर में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें